भोपाल। ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी कार्य के लिए अब लोगों को आरटीओ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोक सेवा केंद्रों से भी लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवा सकेंगे। साथ ही लाइसेंस का नवीनीकरण व डुप्लीकेट लाइसेंस की ऑनलाइन सुविधा भी मिलेगी। इतना ही नहीं लाइसेंस के लिए आवेदन करने के लिए प्रतिलिपि भी निकलवा सकेंगे। परिवहन विभाग ने ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर 5 सेवाएं ऑनलाइन कर दी हैं। इससे लोक सेवा केंद्रों पर सुविधाएं मिलने लगेंगी। उल्लेखनीय है कि करीब दो महीने पहले वेबसाइट के अपडेट कार्य के चलते परिवहन विभाग ने लोक सेवा केंद्रों से अपनी सेवाएं हटा ली थीं। इससे लाइसेंस संबंधी कार्यों के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा था।
