पटना.पूर्व सीएम राबड़ी देवी पूछताछ के लिए पटना स्थित ईडी ऑफिस पहुंच गईं हैं। उनके साथ बेटी मीसा भारती, दामाद शैलेश और आरजेडी विधायक भोला यादव भी हैं। राबड़ी से पूछताछ के लिए दिल्ली से ईडी की टीम पटना आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ईडी के ऑफिसर अपने साथ 55 सवाल लाए हैं। राबड़ी से इन सवालों का जवाब मांगा जाएगा। सात बार नोटिस देने के बाद भी जब राबड़ी दिल्ली स्थित ईडी के ऑफिस नहीं पहुंची तो ईडी ने उन्हें आठवीं बार नोटिस दिया।
– गौरतलब है कि राबड़ी देवी ने कहा था कि मैं ईडी को जवाब देने दिल्ली नहीं जाऊंगी, जिसे पूछताछ करनी है वह पटना आए। राबड़ी के इस रूख के बाद ईडी की टीम दिल्ली से पटना आई।
– गौरतलब है कि रेलवे टेंडर घोटाला और आय से अधिक संपत्ति मामले में ईडी की टीम पहले ही राबड़ी देवी के बेटे तेजस्वी यादव से पूछताछ कर चुकी है।
क्या है मामला
– ईडी की टीम राबड़ी देवी से रेलवे टेंडर घोटाला मामले में पूछताछ करने आई है।
– आईआरसीटीसी के 2 होटलों की नीलामी में बड़े पैमाने पर हुए घोटाले को लेकर सीबीआई ने 7 जुलाई 2017 को लालू समेत 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इस सिलसिले में उनके 12 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी।
– सीबीआई के एडिशनल डायरेक्टर, राकेश अस्थाना ने बताया था, “लालू यादव रेल मंत्री थे, तब रेलवे के पुरी और रांची स्थित बीएनआर होटल को IRCTC को ट्रांसफर किया था। इन्हें रख-रखाव और इम्प्रूव करने के लिए लीज पर देने की प्लानिंग थी।”
– “इसके लिए टेंडर विनय कोचर की कंपनी मेसर्स सुजाता होटल्स को दिए गए। टेंडर प्रॉसेस में हेर-फेर किया गया था। टेंडर की यह प्रॉसेस आईआरसीटीसी के उस वक्त के एमडी पीके गोयल ने पूरी की।”
– “टेंडर के एवज में 25 फरवरी 2005 को कोचर ने पटना के बेली रोड स्थित 3 एकड़ जमीन सरला गुप्ता की कंपनी मेसर्स डिलाइट मार्केटिंग कंपनी लिमिटेड (डीएमसीएल) को 1.47 करोड़ रुपए में बेच दी, जबकि बाजार में उसकी कीमत 1.93 करोड़ रुपए थी। इसे एग्रीकल्चर लैंड बताकर सर्कल रेट से काफी कम पर बेचा गया, स्टैंप ड्यूटी में गड़बड़ी की गई।”
– “बाद में 2010 से 2014 के बीच यह बेनामी प्रॉपर्टी लालू की फैमिली की कंपनी लारा प्रोजेक्ट को सिर्फ 65 लाख में ट्रांसफर कर दी गई, जबकि सर्कल रेट के तहत इसकी कीमत करीब 32 करोड़ थी और मार्केट रेट 94 करोड़ रुपए था।”
– एफआईआर में आरोप है, “कोचर ने जिस दिन डीएमसीएल के फेवर में यह सौदा किया, उसी दिन रेलवे बोर्ड ने आईआरसीटीसी को उसे बीएनआर होटल्स सौंपे जाने के अपने फैसले के बारे में बताया।”
इनके खिलाफ FIR
– सीबीआई ने लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रेमचंद गुप्ता की पत्नी सरला गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
– एफआईआर में सुजाता होटल के दोनों डायरेक्टर्स और चाणक्य होटल के मालिकों विजय कोचर और विनय कोचर और आईआरसीटीसी के पूर्व एमडी पीके गोयल समेत कई लोगों के नाम हैं।
