सतना । सतना के जिला अस्पताल में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अस्पताल के आईसीयू में गोलीबारी की वारदात हुई। वारदात उस वक्त हुई जब दुर्घटना में घायल दो लोगों को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया। रणजीत सिंह और अनूप पटेल सगमनिया के पास हुई दुर्घटना में घायल हो गए थे।
दोनों घायल आईसीयू में भर्ती थे तभी आईसीयू की खिड़की के बाहर से अनूप को आवाज दी और इसके बाद गोली चला दी। बताया जा रहा है कि विकास शर्मा, उमेश वर्मा और बब्बू पंडित ने वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि गोली चलाने से किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। गोलीबारी से आईसीयू में हड़कंप मच गया और ज्यादातर मरीज आईसीयू से बाहर निकल गए।
गोलीबारी आपसी गैंगवार का नतीजा बताया जा रहा है। अनूप और विकास के गुटों में अक्सर लड़ाई चलती रहती है और देर रात अस्पताल के आईसीयू में हुई गोलीबारी भी इसी रंजिश का नतीजा बताई जा रही है। पुलिस पूछताछ के लिए रणजीत और अनूप को अस्पताल से थाने में लेकर गई है।
