भोपाल। राजधानी भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) कैम्पस में चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। कैम्पस से चोरी हुआ सामान एक बिल्डर कम्पनी का है, जिसके मेंटेनेंस का काम यूनिवर्सिटी में चल रहा था। बिल्डर कम्पनी के सुपरवाइजर ने संबंधित गांधी नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
गांधी नगर थाना पुलिस ने बताया कि फरियादी मोहम्मद रईस पिता अब्दुल रईस उम्र 39 वर्ष निवासी मकान नम्बर 301 हाउसिंग बोर्ड कालोनी निशातपुरा, की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 380 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरियादी मोहम्मद रईस, सुप्रीम बिल्डर कम्पनी के सुपरवाइजर हैं। कम्पनी के पास RGPV में इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का ठेका है, जिसका काम जारी है। फरियादी मोहम्मद रईस द्वारा दर्ज कराए गए बयान के अनुसार बीते 29 नवम्बर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उनके मजदूरों ने RGPV कैम्पस के स्टोर रूम में इलेक्ट्रिक का सामान रखा था।
सुबह जब कर्मचारियों ने स्टोर रूम से सामान निकालने के लिए गए, तो पता इसमें से कई इलेक्ट्रिक का सामान गायब था। सामान तलाशने के बाद भी जब वह नहीं मिला, तो कर्मचारियों ने सुपराइजर मोहम्मद रईस को इस बात की जानकारी दी।
पुलिस का कहना है कि चुराए गए इलेक्ट्रिक वायर की कीमत 17 हजार रुपए आंकी गई है। मामला दर्ज करने के बाद से अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है।
