लखनऊ -यूपी निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत के लिए ईवीएम को श्रेय देने और ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने की बसपा सुप्रीमो मायावती की मांग के बाद अब एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अप्रत्यक्ष रूप से बीजेपी की जीत के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहराया है। मायावती की तरफ से सवाल उठाए जाने के कुछ ही घंटों बाद एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट के जरिए एक आंकड़ा पेश करते हुए दावा किया कि बीजेपी ने उन्हीं सीटों पर बेहतर प्रदर्शन किया है, जहां ईवीएम से चुनाव हुए हैं।
बता दें कि शनिवार सुबह ही मायावती ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा था कि लोकसभा चुनाव 2019 में है और यदि बीजेपी में साहस है तो वह बैलेट पेपर से चुनाव करके दिखाए। मायावती ने कहा कि अगर बैलेट पेपर पर चुनाव हुए तो बीजेपी 2019 में सत्ता में वापस नहीं आएगी।
