भोपाल। मध्यप्रदेश में घोटालों की पोल खोलकर शिवराज सिंह सरकार की नाक में दम करने वाले आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे को कॉंग्रेस से पद मुक्त कर दिया है । गौरतलब हो कि अजय दुबे ने विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी परंतु वो अपने तेवर नहीं बदल पाए और इसी के चलते आज उन्हे कांग्रेस कमेटी ने पदमुक्त कर दिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार सूचना के अधिकार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अजय दुबे को पदमुक्त किया गया है। आरोप लगाया गया है कि अजय दुबे द्वारा विगत दिनो सोशल मीडिया अकाउंट से पार्टी विरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया गया है। उनका यह कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने अजय दुबे को पार्टी विरेाधी गतिविधियों में संलिप्त पाये जाने के कारण कांग्रेस कमेटी के सूचना के अधिकार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद से मुक्त करने के आदेश जारी किये हैं।
आरटीआई एक्टिविस्ट अजय दुबे ने अपनी वॉल पर लिखा है कि मैंने फ़रवरी 2019 में ही RTI डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी छोड़ने की सूचना AICC को दे दी थी। मप्र कांग्रेस कमेटी ने न मुझे जिम्मेदारी दी न ही वो वापस ले सकती है।
