दंतेवाड़ा। शिक्षाकर्मियों की हड़ताल से स्कूलों में अध्यापन कार्य ठप है। बच्चे मध्यान्ह भोजन और खेलकूद में समय बिता रहे हैं। वहीं जिले के गुमरगुंडा आश्रम के प्राथमिक शाला के करीब 70 बच्चों को आध्यात्मिक सहित पुस्तकीय ज्ञान स्वामी विशुद्धानंद सरस्वती दे रहे हैं।
प्रतिदिन सुबह-शाम योग कक्षा के साथ बच्चों को क्लास स्वामी और उनके सहयोगी केसी ठाकुर लेते हैं। ज्ञात हो कि गुमरगुंडा आश्रम में दंतेवाड़ा सहित सुकमा और बीजापुर जिले के नक्सली पीड़ित और अन्य करीब 70 बच्चे रहते हैं। बच्चों के स्कूल को शासन ने अधीगृहित करने के बाद यहां तीन शिक्षकों की पदस्थापना की गई है।
तीन ही सहायक शिक्षक पंचायत हैं। इसलिए हड़ताल शुरु होने के बाद ये स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में आश्रम के स्वामी ने बच्चों की क्लास लेनी शुरु कर दी है। ‘नईदुनिया” से चर्चा में स्वामी विशुद्धानंद ने कहा कि शिक्षक हड़ताल पर हैं। इसलिए जब भी समय मिलता है वे बच्चों को पढ़ाते हैं। इसके अलावा आश्रम में पहुंचने वाले श्रद्धालु भी बच्चों को पढ़ाने कुछ समय देते हैं।
