अशोकनगर -जिले में संचालित छात्रावासों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच प्रति सप्ताह बुधवार को ए.एन.एम द्वारा तथा 15 दिन के अंतराल से पहले एवं तीसरे बुधवार को डॉक्टर द्वारा कराई जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री बी.एस. जामोद दवारा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा के लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा बैठक के दौरान व्यक्त किये। बैठक मे मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सुरेश कुमार शर्मा, अपर कलेक्टर श्री ए. के.चांदिल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विशाल सिंह, समस्त एस.डी.एम. तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर श्री जामोद ने निर्देशित किया कि सी.एम.हेल्पलाइन के अंतर्गत 300 दिवस से अधिक लंबित आवेदनों का निराकरण अविलंब किया जाए। साथ ही सी.एम. हेल्प लाईन की शिकायतों का विभागवार निराकरण तत्परता के साथ किया जाना सुनिश्चित किया जाए। विभागों में तत्संबंधी आवेदन लंबित न रहें इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रतिभा पर्व का आयोजन 05 दिसम्बर से
बैठक में बताया गया कि जिले में शासन के निर्देशानुसार प्रतिभा पर्व का आयोजन 05 दिसम्बर से 07 दिसम्बर तक जिले के समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में किया जायेगा। प्रतिभा पर्व के दौरान बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं शिक्षण व्यवस्था, शाला संचालन, शालेय सुविधाओं आदि शिक्षा से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं का मूल्यांकन किया जायेगा। प्रतिभा पर्व हेतु नियुक्त सत्यापनकर्ता अधिकारी द्वारा प्रत्येक शाला का सत्यापन कार्यशाला समय में उपस्थित होकर करेगें। कलेक्टर ने निेर्देशित किया कि प्रतिभा पर्व के आयोजन हेतु शासन के निर्देशानुसार समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जाए।
आनंद उत्सव का आयोजन 14 जनवरी से
आनंद उत्सव का आयोजन 14 जनवरी से 21 जनवरी 2018 तक ग्रामीण/ नगरीय .क्षेत्रों में, 22 से 24 जनवरी 2018 तक विकासखण्ड स्तर पर आनंद उत्सव का आयोजन किया जायेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पारम्परिक खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महिलाओं को जोडने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। आनंद उत्सव कार्यक्रम का संचालन विधिवत तरीके से कराये जाने हेतु प्रत्येक स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये है।
मानव अधिकार दिवस का आयोजन 10 दिसम्बर को
बैठक में बताया गया कि आगामी 10 दिसम्बर 2017 को मानव अधिकार दिवस का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि वे मानव अधिकार दिवस के आयोजन के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यकता व्यवस्थाएं जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर कराया जाना सुनिश्चित करें।
कियोस्क सेंटर पर 06 सेवाएं उपलब्ध होगी
बैठक में जानकारी दी गई कि शासन के निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित सी.एस.सी.केन्द्रों पर ग्रामीणों को 06 सेवाएं प्रदान की जायेगी। इन सेवाओं में मूल निवासी, आय प्रमाण पत्र, राजस्व बटवारे के आदेश बटाकंन, अविवादित नामांतरण, अजाक्स थाने से संबंधित एफ.आई.आर की प्रति शामिल है।
सहरिया बाहुल्य ग्रामों में लगेगें शिविर
सहरिया आदिवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिले के समस्त विकासखण्डों में सहरिया बाहुल्य ग्रामों में शिविर लगाये जायेगें। इन शिविरों में अधिकारियों द्वारा पहुंचकर समस्याओं का निराकरण किया जायेगा।
बैठक में विधानसभा प्रश्नों के उत्तर, पी.जी.सेल, जनसुनवाई, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, विभागों के त्रैमासिक बजट की समीक्षा, स्वरोजगार योजना तथा दिसम्बर 2017 में सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों के बारे में विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
