जबलपुर.मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने व्यापमं घोटाले के आरोपियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भोपाल एवं ग्वालियर में आरोपियों की ट्रायल के लिए गठित विशेष न्यायालयों का क्षेत्राधिकार बढ़ाया है। हाईकोर्ट ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में घोटाले से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीशों की पदस्थापना की हैं।
– भोपाल में पदस्थ नवम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अब भोपाल के अलावा सीहोर एवं रायसेन के प्रकरणों की भी सुनवाई करेंगे।
– इसी तरह अष्टम एएसजे का क्षेत्राधिकार बढ़ाकर उन्हें बैतूल, होशंगाबाद और हरदा के मुकदमे भी सौंपे जाएंगे।
– भोपाल में पदस्थ पंद्रहवें एएसजे भोपाल के अलावा राजगढ़ और विदिशा के प्रकरणों की भी सुनवाई करेंगे।
– ग्वालियर में पदस्थ चतुर्थ एएसजे अब ग्वालियर के अलावा टीकमगढ़ और श्योपुर के मामलों की भी सुनवाई करेंगे।
– इसी तरह नवम एडीशनल सेशन जज को ग्वालियर के अलावा भिंड, मुरैना, गुना, शिवपुरी, दतिया और अशोकनगर जिले भी सौंपे गए हैं।
– चीफ जस्टिस हेमंत गुप्ता की अनुमति के बाद हाईकोर्ट के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी विवेक सक्सेना ने सोमवार को आदेश जारी कर दिए हैं।
– आदेश में कहा गया कि इंदौर और जबलपुर की विशेष अदालतों का क्षेत्राधिकार पूर्ववत रहेगा।
