सागर।सीएम शिवराज सिंह के चहेते गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के गृह जिले में ही दुष्कर्म तथा गैंगरेप की बढ़ती घटनाओं से उनकी असफलता उजागर होती है। ऐसे में सीएम शिवराज को खुद को बेटियों का मामा तथा बहनों का भाई कहने का कोई हक नहीं रह जाता है। उनमें जरा भी नैतिकता है तो उन्हें चाहिए कि वे इन घटनाओं पर आनंद मनाने वाले गृहमंत्री से उनका मौजूदा प्रभार छीन कर आनंद मंत्रालय का मंत्री बना दें।
यह बात सागर पहुंची महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष माण्डवी चौहान ने कही। वह भानगढ़ क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद आग के हवाले की गई पीड़िता का हाल जानने रविवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची थीं। इससे पहले श्रीमती चौहान ने भानगढ़ में पीड़िता के गांव जाकर लोगों से चर्चा की और पुलिस से जानकारी ली। उन्होंने बीएमसी प्रबंधन से पीड़िता के उपचार की जानकारी ली और पीड़िता के परिजनों से घटना के साथ शासन द्वारा दी जाने वाली सुरक्षा तथा सहायता के बारे में पूछताछ की।

शिव के राज में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी एवं अन्य महिलाओं के साथ बीएमसी पहुंची प्रदेशाध्यक्ष मांडवी चौहान ने पीड़िता के इलाज के साथ ही सरकार द्वारा सहायता व सुरक्षा को लेकर संवेदनहीनता पर तीखा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा पिछले दिनों गृहमंत्री के भोपाल स्थित बंगले का घेराव करने के बाद भी उनकी नींद नहीं खुली है और अब महिला कांग्रेस प्रदेश भर में गैंगरेप, दुष्कृत्य तथा उत्पीड़न के खिलाफ उग्र आंदोलन प्रारंभ करेगी। उन्होंने कहा कि महिला वर्ग के साथ अपने भावनात्मक रिश्तों का प्रचार करने वाले प्रदेश सरकार के मुखिया शिवराज के राज में प्रदेश में बहनें और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
गृहमंत्री के गृह जिले में हैवानियत की हदें पार
रेखा चौधरी ने कहा कि सरकार, पुलिस और समाज के लिए यह बेहद शर्म की बात है कि गृहमंत्री के गृह जिले में गैंगरेप की इस घटना ने दरिंदगी और हैवानियत की सभी हदें पार कर दी है। जिले में सरकारी संरक्षण में अवैध शराब की बिक्री तथा अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण के चलते अब महिलाएं अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं है और प्रशासन पूरी तरह असहाय नजर आ रहा है। उन्होंने पीड़िता के जीवन की सुरक्षा के लिए बेहतर से बेहतर इलाज के साथ ही 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता व फास्ट ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाकर अपराधियों को फांसी की सजा देने की मांग भी की है।
कांग्रेस कार्यालय में बैठक कर रणनीति बनाई
कांग्रेस की महिला प्रदेशाध्यक्ष मांडवी चौहान ने कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर गैंगरेप की उक्त घटना की समीक्षा तथा पार्टी की ओर से आगामी कदम उठाये जाने को लेकर बैठक की और आगामी रणनीति तैयार की। इस दौरान जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमा नवैया व सीमा चौधरी, प्रकाश जैन, रिचा राजपूत, जितेन्द्र चावला, शरद पुरोहित, शिवरानी कोरी, किरण लता सोनी, पुष्पा रैकवार, उमा चौधरी, सुनीता जैन, मीना बंसल, उमा यादव, रक्षा राजपूत, भावना यादव सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दुष्कृत्य की घटनाओं की तीखी निंदा कर इन्हें रोकने में विफल सरकार के प्रति तीव्र आक्रोश जताते हुए सरकार के खिलाफ जिले भर में उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
