कराची/इस्लामाबाद,- पाकिस्तान के क्वेटा में एक चर्च पर आत्मघाती धमाका हुआ है, हमले में 8 लोगों की मौत हो गई और 44 अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी में जारघोन मार्ग स्थित एक चर्च में करीब चार आतंकियों ने रविवार को तब हमला किया जब काफी संख्या में लोग वहां प्रार्थना कर रहे थे ।
बलूचिस्तान के गृह मंत्री मीर सर्फराज बुग्ती ने कहा कि हमले में कम से कम दो हमलावर शामिल थे।उन्होंने बताया कि, ‘पहले हमलावर को पुलिस ने गेट पर ही मार गिराया। आत्मघाती जैकेट पहने दूसरे हमलावर ने चर्च में दाखिल होते ही खुद को उड़ा लिया।
डीआईजी पुलिस अब्दुल रज्जाक चीमा ने बताया कि हमले में दो और हमलावर शामिल थे। पुलिस द्वारा एक हमलावर को मार गिराए जाने के बाद वे वहां से भाग निकले। उन्होंने बताया कि वहां से भाग निकले आतंकवादियों का पुलिस ने पीछा किया और उन्हें मार गिराया।
इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। हमले के बाद क्वेटा के सभी अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। पुलिस के साथ राहत एवं बचाव दल घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। आस-पास के इलाके की घेराबंदी कर ली गई है।
