मधुबन(गिरिडीह) : जैन संस्था में कार्यरत कर्मचारियों की मांगों को दिलाने के लिए असहयोग आंदोलन कर रही मजदूर संगठन समिति का आंदोलन शुक्रवार को शुरू हुआ। आंदोलन शुरू होते ही डीसी उमाशंकर सह एवं एसपी सुरेंद्र कुमार झा मधुबन थाना पहुंचे। वहां समिति के पदाधिकारियों को बुलाया गया। डीसी एवं एसपी ने तल्ख तेवर दिखाते हुए मजदूर संगठन समिति से आंदोलन खत्म करने एवं बैनर हटाने कहा। इसके बाद प्रशासन की ओर से वार्ता बाद में करने की बात कही गई। समिति के आदेशानुसार जो कर्मचारी अपनी-अपनी संस्था का बैनर झंडा लगाए बैठे थे उसे उतारकर वे वार्ता हेतु मधुबन थाना परिसर पहुंचे। समिति का कहना है कि प्रशासन ने समिति से वार्ता करने से इंकार कर दिया। प्रशासन ने सीधे कर्मचारियों से वार्ता की।
शुक्रवार को इसे लेकर शिखरजी प्राधिकार बनाने की घोषणा की गई जिसमें जन प्रतिनिधि, जैन संस्था के लोग, कर्मचारी व जिला प्रशासन के अधिकारी शामिल होंगे। वार्ता व बैठक में उपस्थित श्रम अधीक्षक को कर्मचारियों की मांगों को लेकर जैन संस्था के ट्रस्ट संग बातचीत करने का निर्देश देते हुए उनकी मांगों को जल्द ही पूरा करने का निर्देश भी जैन संस्था को देने को कहा गया। कर्मचारियों के बीच से कुछ व्यक्तियों का चयन प्राधिकार हेतु किया गया जिसकी बैठक 19 जनवरी को की जाएगी। समिति के सचिव थानू महतो ने कहा कि समिति मजदूरों की मांगों को लेकर आंदोलन करती आई है और आगे भी करती रहेगी। आंदोलन में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें तो समझ में नहीं आ रहा कि हमारी मांगें पूरी कैसे होगी। जैन संस्था के एक भी पदाधिकारी इस वार्ता में शामिल नहीं थे। बैठक में डुमरी के एसडीओ, पीरटांड़ के बीडीओ, डुमरी के एसडीपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
