भोपाल : फाउंडर एण्ड सीईओ डब्ल्यू ई नेटवर्क एलएलसी सल्तनत ऑफ ओमान श्री योगेन्द्र कटियार ने कहा कि वे मध्यप्रदेश में आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों को ट्रेनिंग देकर ओमान में रोजगार दिलाएंगे। हर साल पाँच हजार युवाओं को रोजगार दिलाने की योजना है। इन्हें प्रतिमाह 60 हजार रूपये और अन्य सुविधाएँ मिलेंगी। इनकी आवासीय ट्रेनिंग का खर्च भी वे खुद उठाएंगे। इस पर लगभग 10 करोड़ रूपये खर्च करेंगे। मध्यप्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों से इस तरह की चर्चाएँ फ्रेंड्स ऑफ एमपी कॉन्क्लेव” इंदौर में विदेशों में रहने वाले प्रदेश के उद्यमियों के साथ हुईं। उद्यमियों ने प्रदेश में विभिन्न सेक्टरों में निवेश करने की इच्छा व्यक्त की। अधिकारियों ने इन्हें विस्तार से विभागीय योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी।
मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह ने भी अतिथियों से भेंट कर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को मिलने वाले हर निवेश के प्रस्ताव पर त्वरित कार्यवाही की जायेगी।
कॉन्क्लेव में उद्यानिकी, तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, नगरीय विकास, सूक्ष्म-लघु एवं मध्यम उद्यम, पशुपालन से संबंधित संभावित निवेश के बारे में गहन चर्चा की गई। अतिथियों ने इसमें गहरी रूचि ली एवं जल्द ही प्रस्ताव भेजने की बात कही।
प्रमुख सचिव उद्योग श्री मोहम्मद सुलेमान ने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्योग लगाने के हर प्रस्ताव पर शीघ्र एवं सकारात्मक कार्यवाही की जायेगी।
प्रमुख सचिव पर्यटन श्री हरिरंजन राव ने दुबई, कनाडा, ओमान और अमेरिका से आये अतिथियों से भेंट कर पर्यटन के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। अतिथियों ने होटल और टूरिज्म की विभिन्न गतिविधियों में निवेश करने की इच्छा व्यक्त की। श्री राव ने कहा कि प्रस्ताव मिलने पर हर संभव सहयोग दिया जायेगा।
प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं आयुक्त, नगरीय विकास एवं आवास श्री विवेक अग्रवाल ने इंदौर में बाइक शेयरिंग और भोपाल तथा इंदौर में नवीनतम तकनीकी के साथ अफॉर्डेबल हाउसिंग के संबंध में चर्चा की। चर्चा में श्री राजर्षि सहाय और श्री जगदीश सेवानी सहित अन्य अतिथियों ने सहभागिता की।
संचालक, तकनीकी शिक्षा श्री वीरेन्द्र कुमार से अमेरिका की कंपनी अमेरिकन हॉस्पिटेलिटी की एमडी सुश्री संहिता अग्निहोत्री ने अमेरिका में इस क्षेत्र में जॉब दिलवाने तथा जीएम ग्लोबल कम्यूनिटीज सुश्री ऋषि मेहता ने इंदौर और भोपाल में इंक्यूवेशन सेंटर खोलने की इच्छा व्यक्त की।
प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं उद्यानिकी श्री अशोक वर्णवाल एवं आयुक्त उद्यानिकी श्री सत्यानंद ने अतिथियों से उद्यानिकी के क्षेत्र में निवेश के संबंध में चर्चा की। नीदरलैण्ड के श्री राजेन्द्र तिवारी और दुबई से आये श्री अक्षय जैन ने ड्रायफ्रुट एवं वेजिटेबल की विदेशों में मार्केटिंग में सहयोग की इच्छा व्यक्त की।
एमएसएमई के प्रमुख सचिव श्री व्ही.एल. कान्ताराव ने इन्डो ग्लोबल एसएमई चेम्बर के डॉक्टर भरत कुलकर्णी और चीन से आये श्री सिद्धार्थ अलदसानी सहित विभिन्न अतिथियों से चर्चा की। अतिथियों ने बताया कि अफ्रीका के कुछ देशों में विभिन्न उद्योगों से संबंधित मशीनों की सप्लाई करते हैं। श्री कान्ताराव ने अध्ययन दल भेजकर जानकारी लेने की बात कही। श्री अलदसानी ने मध्यप्रदेश में फार्मा सेक्टर पर निवेश करने की इच्छा व्यक्त की।
प्रमुख सचिव पशुपालन श्री अजीत केसरी की बोस्टन, अमेरिका की सुश्री हिलेरी गेरिवेल्टिस, संचालक नेशनल आयुर्वेदिक मेडिकल एसोसिएशन से गौ-उत्पादों की विदेशों में बेहतर मार्केटिंग पर चर्चा हुई। भारतीय गौवंश पर रिसर्च एवं उन्हें उपयोगी बनाने के बारे में भी चर्चा हुई। चर्चा में प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं जनसम्पर्क श्री एस.के. मिश्रा भी शामिल हुए।
उच्च शिक्षा आयुक्त श्री नीरज मण्डलोई को अतिथियों ने मध्यप्रदेश में उच्च शिक्षा को और बेहतर बनाने के संबंध में सुझाव दिये। श्री ऋषि मेहता, श्री ललित गर्ग, श्री यश गर्ग सहित अन्य अतिथियों ने उपयोगी सुझाव दिये। उन्होंने स्टार्टअप प्रमोशन एवं जॉब क्रिएशन के संबंध में भी चर्चा की।
एकेवीएन उज्जैन के एमडी श्री वसंत कुर्रे ने उद्योगों के लिये दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने इंदौर और उज्जैन में इंक्यूवेशन सेंटर की मेंटरिंग के संबंध में अतिथियों से चर्चा की।
