भोपाल-राजधानी भोपाल स्थित भेल दशहरा मैदान पर 17 जनवरी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं. इससे पहले इनमें से कई किसान रायसेन जिले के उदयपुरा बोराश गांव से 170 किलोमीटर की साष्टांग दंडवत यात्रा कर यहां पहुंचे हैं.
आंदोलनरत किसानों के नेता सुनील दीक्षित कहा, ‘‘दूध देना बंद कर चुकी गायों को आवारा छोड़ने वाले पशुमालिकों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज करने सहित अपनी अन्य अहम मांगों के समर्थन में हम यहां अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं. इसके साथ ही हर गांव में गौशाला शुरू करने की भी मांग है.’’
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी मिलना चाहिये. आर्थिक रूप से कमजोर किसानों को भी आरक्षण सुविधा दी जाये, ताकि मजदूर किसानों और छोटे व गरीब किसानों को इसका फायदा मिल सके.
दीक्षित ने दावा किया कि प्रदेश के सभी इलाकों से आये किसान इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भी आंदोलनकारी किसानों का समर्थन किया है.
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कल यहां आंदोलनकारी किसानों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को किसानों की 33 सूत्रीय मांगों पर संज्ञान लेना चाहिये. उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश भाजपा सरकार द्वारा किसानों से किये गये वादे खोखले निकले हैं. किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम भी हासिल नहीं हो पा रहा है. भाजपा सरकार केवल यात्राओं में ही सरकारी धन का दुरूपयोग कर रही है.’’ आप के प्रदेश नेता भी आज शाम यहां आंदोलनकारी किसानों से मिले.
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही किसानों के लिये कई योजनाएं लागू कर चुकी है. इसमें से आंदोलनकारी किसानों की कई मांगे भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि किसानों की सभी उचित मांगों पर विचार किया जा रहा है
