मुंबई-संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ तमाम विरोध और प्रदर्शन के बाद आज देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा के साथ ये फिल्म देशभर के 7000 स्क्रीनों पर रिलीज हो रही है. फिल्म का विरोध कर रही करणी सेना ने आज देशव्यापी बंद का ऐलान किया है. विरोध के चलते गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गोवा में सिनेमाघर मालिकों ने फिल्म नहीं दिखाने का फैसला किया है. पटना में भी फिल्म की रिलीज को रोक दिया गया है. करणी सेना और राजपूत संगठनों से जुड़े लोगों का फिल्म की रिलीज के दिन भी प्रदर्शन जारी है.
यूपी के गाजियाबाद में पद्मावत की रिलीज के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज की बस में तोड़फोड़ की. बीती देर रात कड़कड़ मॉडल गांव के सामने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस में आगजनी और तोड़फोड़ की कोशिश की गई. पुलिस ने 8 लोगों को हिरासत में लिया है.
पद्मावत की रिलीज के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन से सिनेमाघरों के मालिक भी डरे हुए हैं. जिसका उदाहरण मुंबई के स्टर्लिंग सिनेमा में देखने को मिला. जहां फर्स्ट शो के लिए सिर्फ 10% ही टिकटों की बुकिंग हुई है. उधर, कोलकाता में संजय लीला भंसाली की फिल्म बिना किसी विरोध के शांति से रिलीज हो रही है.
