नई दिल्ली। सोनिया गांधी के दामाद औैर प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा की परेशानी बढ़ रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को राजस्थान स्थित बीकानेर में एक भूमि घोटाले मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के संबंध में रॉबर्ट वाड्रा से कथित तौर पर जुड़े एक शख्स महेश नागर के हरियाणा स्थित फरीदाबाद के ठिकाने की तलाशी ली है।
बता दें कि नागर, मेसर्स स्काइलाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है जिसके संबंध कथित तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई राबर्ट वाड्रा से हैं। बीते साल दिसंबर में ईडी ने नागर के करीबी अशोक कुमार को एक अन्य शख्स जयप्रकाश बगड़वा के साथ गिरफ्तार किया था।
बीते साल अप्रैल में अशोक और नागर, दोनों के ठिकानों की तलाशी ली थी। अधिकारियों ने जानकारी दी कि राजस्थान के सीमावर्ती इलाके बीकानेर में जमीन खरीदने के चार मामलों में नागर अधिकृत प्रतिनिधि था। एजेंसी की ओर से आरोप लगाया गया है कि कुमार ने इसी इलाके में दूसरों की पॉवर ऑफ अटार्नी का इस्तेमाल कर जमीनें खरीदी हैं। बता दें कि ईडी की यह जांच 275 बीघा जमीन की खरीद से जुड़ी हुई है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग प्रीवेंशन ऑफ मनी लॉन्डरिंग एक्ट (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत मामले के संबंध में 1.18 करोड़ रुपये के सरकारी अधिकारियों और अन्य संपत्तियों की संपत्ति भी अटैच की थी।
