भोपाल : सुप्रसिद्ध संगीतकार उस्ताद अमीर खाँ की स्मृति में इन्दौर में 12 मार्च से तीन दिवसीय संगीत समारोह ‘राग अमीर’ का आयोजन रवीन्द्र नाट्य गृह में किया जायेगा। समारोह के दौरान उस्ताद अमीर खाँ पर केन्द्रित दुर्लभ छायाचित्रों की प्रदर्शनी प्रीतमलाल दुआ वीथिका में लगाई जायेगी। प्रदर्शनी का शुभारंभ 12 मार्च को शाम 5.30 बजे होगा। संगीत समारोह में प्रवेश नि:शुल्क है।
उस्ताद अलाउद्दीन खॉ संगीत एवं कला अकादमी भोपाल द्वारा 12 से 14 मार्च तक आयोजित होने वाले समारोह की शुरूआत श्री हेमन्त पेण्डसे, पुणे के गायन से होगी। नई दिल्ली के श्री रविशंकर उपाध्याय के पखावज वादन से पहले दिन की अंतिम प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन सभा की शुरूआत श्री मनोज कुमार के ध्रुपद गायन से एवं दूसरी प्रस्तुति सुश्री रमणीक सिंह (दिल्ली) के गायन से होगी।
समारोह का समापन 14 मार्च को श्री रघुनंदन पणशीकर के गायन से और श्री पार्थो घोष (कोलकाता) एवं श्री संतोष नाहर (नई दिल्ली) के सितार – वायोलिन (जुगलबंदी) से होगी। सहयोगी कलाकार के रूप में श्री दर्जय भौमिक श्री हितेन्द्र दीक्षित, श्री रामेन्द्र सिंह सोलंकी- तबला, श्री रोमनदास- पखावज एवं श्री विवेक बन्सोड़, श्री उपकार गोड़बोले एवं श्री मिलन उपाध्याय हारमोनियम पर संगत करेंगे।
