पश्चिम बंगाल में अपनी पैठ मजबूत करने में लगी बीजेपी में फूट पड़ती दिख रही है। बीजेपी सांसद रूपा गांगुली ने अपनी ही पार्टी के राज्य प्रभारी दिलीप घोष पर अभद्रता करने के आरोप लगाया है। अभिनेत्री से नेता बनी रूपा गांगुली ने सोमवार रात करीब 12.30 बजे ट्वीट कर यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि दिलीप घोष ने उन्हें सार्वजनिक तौर पर बेइज्जत किया। उन्होंने कहा वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से तो संपर्क कर सकती हैं, लेकिन दिलीप घोष से संपर्क करना मुश्किल हो गया है।
रूपा ने कहा है कि राज्य के पार्टी प्रभारी दिलीप घोष के मीडिया प्रभारी ने उनको घोष तक पहुंच को रोक दिया है। रूपा ने एक ट्वीट में दिलीप घोष को टैग करके लिखा, मंगलवार सुबह अपने मीडिया प्रभारी से मुझसे संपर्क करने को कहें। पार्टी की कोर कमेटी के ग्रुप पर कोई भी किसी मैसेज का जवाब नहीं देता है। लग रहा है कि मुझे आपसे मैसेज करने से भी रोका गया है। उन्होंने लिखा है, मैं मोदी जी को भी मैसेज कर सकती हूं. लेकिन मुझे आपको मैसेज करने से रोका गया है।
मैं अमित भाईसाहब से भी बात कर सकती हूं… लेकिन आप मुझ पर लोगों के बीच में चिल्लाए, मुझे गाली दी। मैं चुप रही, क्योंकि मेरे पापा ने मुझे सिखाया था कि बड़ों की बात सुन लो और उनका कहना मानो। आपने सार्वजनिक रूप से मुझ पर टिप्पणी की और परेशान किया। रूपा ने एक ट्वीट में पीएम मोदी को टैग करके लिखा, सर मोदी, आपके अलावा कोई नहीं सुनता है…. हम लोग कोऑपरेटिव फेडरलिज्म में भरोसा नहीं करते हैं।
