युवती ने बताया कि वह पिछले दस सालों से दाती महाराज की अनुयायी थी लेकिन बाबा और उसके चेलों द्वारा बार-बार बलात्कार किए जाने की वजह से वह राजस्थान लौट गई.
पच्चीस साल की एक युवती ने स्वयंभू बाबा और उसके चेलों पर उसके साथ बार-बार बलात्कार करने का आरोप लगाया है. दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाने में युवती ने कल दाती महाराज के खिलाफ शिकायत दी है. युवती ने पुलिस को बताया कि वह करीब पिछले दस सालों से महाराज की अनुयायी थी. लेकिन महाराज और चेलों द्वारा बार-बार बलात्कार किए जाने के बाद वह अपने घर राजस्थान लौट गई.
युवती ने आरोप लगाया है कि बाबा की एक अन्य महिला अनुयायी उसे महाराज के कमरे में जबरन भेजती थी. मना करने पर धमकाती थी कि वह सभी से कहेगी कि पीड़िता अन्य चेलों के साथ भी यौन संबंध बनाती है.
वह करीब दो साल पहले आश्रम से भाग गई थी और लंबे समय से डिप्रेशन में थी. अवसाद से उबर कर उसने अपने माता-पिता को पूरी बात बताई और उनके साथ पुलिस को शिकायत दी है.
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पीड़िता से भेंट कर कहा कि उसे पुलिस सुरक्षा मिलनी चाहिए.
मालीवाल ने ट्वीट किया, “दाती महाराज द्वारा कथित रूप से बलात्कार की शिकार हुई युवती से मिली. लड़की की कहानी बेहद डरावनी है. ऐसा लगता है कि वह भीषण प्रताड़ना से गुजरी है. उसकी जान को खतरा है. दिल्ली पुलिस को उसे तुरंत सुरक्षा प्रदान करने के लिए कहा है. दाती महाराज को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए.।
