इंदौर – दिवंगत आध्यात्मिक संत भय्यूजी महाराज की आत्महत्या के मामले में पुलिस को विसरा रिपोर्ट मिल गई है. रिपोर्ट में किसी भी तरह के जहर या अन्य केमिकल की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस की जांच भी लगभग पूरी हो गई है और उसमें मौत की मुख्य वजह पारिवारिक कलह, अवसाद और आर्थिक तंगी को ही माना जा रहा है.
दरअसल, अब तक जिन 27 लोगों के बयान दर्ज हुए हैं, उनमें से कुछ ने बीमारी का तनाव और कुछ ने आश्रम व ट्रस्ट संचालन में आर्थिक कमजोरी को तनाव की वजह बताया है, अब तक ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि महाराज ने सुसाइड किस कारण किया था. पुलिस जल्द मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट पेश करने की तैयारी में है. सूत्रों की माने तो खुफिया एजेंसी ने भी मामले की जांच रिपोर्ट की मांग की है.
भय्यूजी महाराज ने आवेश में नहीं, सोच समझकर खुद को मारी थी गोली!
करीब 27 लोगों के बयानों के बाद पुलिस ने किसी को आत्महत्या का दोषी नहीं माना है. महाराज के मानसिक तनाव की मुख्य वजह दूसरी पत्नी डॉ. आयुषी और बेटी कुहू के बीच मनमुटाव होना पाया गया है. वहीं सुसाइड मामले में गठित जांच टीम अब लगभग अंतिम निष्कर्ष की ओर है और जल्द ही पुलिस पूरी रिपोर्ट पेश करेगी. पुलिस के अनुसार कुल तीन बिन्दुओं के कारण वह तनाव में थे, जिसमें पारिवारिक कलह भी एक मुख्य वजह थी, हालांकि पुलिस को अभी भी फोरेंसिक जांच रिपोर्ट और हैंडराइटिंग एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट नहीं मिली है, जल्द ही इन दोनों विभागों से रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मामले की जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष पेश करेंगे.
