कोलकाता-बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को पूर्व विधायक नवीन नंदा को कोलकाता में निंदनीय घटना में गिरफ्तारी के बाद पार्टी से निलंबित कर दिया. बीजद सचिव बिजय नायक ने एक बयान में कहा कि यह खबर आई कि नंदा को कोलकाता में पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसके बाद पटनायक ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया.
नंदा कथित रूप से वेश्यालय के रुप में चलने वाले एक स्पा से शनिवार को गिरफ्तार किए गए थे. कोलकाता पुलिस ने सोमवार को कहा कि शहर के पार्कस्ट्रीट इलाके में ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट का शनिवार को भंडाफोड़ किया गया और 18 लोग गिरफ्तार किए गए. नंदा ने गिरफ्तार किये जाने की बात तो मानी है लेकिन कहा कि यह उनके खिलाफ साजिश है.
उन्होंने खबरिया न्यूज चैनलों से कहा, ‘मैं शनिवार को शाम करीब सात बजे खरीदारी के लिए गया था, उसी बीच किसी ने मेरा मोबाइल फोन और बटुआ चुरा लिया. मैंने पॉकेटमार का पीछा किया और वह स्पा में घुस गया. मैं उसके पीछे पीछे स्पा पहुंच गया और पुलिस ने इस संदेह पर मुझे गिरफ्तार कर लिया कि मैं ग्राहक हूं. मेरे पास मोबाइल नहीं था, ऐसे में मैं अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं कर पाया.’
