भोपाल। पति के साथ जा रही युवती का स्कूटर सवार दो मनचलों ने करीब 4 किमी तक पीछा किया। इसके बाद रास्ते में रोककर अश्लील हरकत भी की। दंपति के शोर मचाने पर राहगीरों ने आरोपितों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया। घटना भोपाल टॉकीज के पास बुधवार रात को हुई।
हनुमानगंज पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीय युवती बाग उमरावदू्ल्हा में रहती है। उसका एक रिश्तेदार हमीदिया अस्पताल में भर्ती है। उसे देखने के लिए युवती बुधवार रात को पति के साथ स्कूटर से निकली थी। इस दौरान भारत टॉकीज के पास से स्कूटर पर सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरु कर दिया। वे लोग दंपति का पीछा करते हुए हमीदिया अस्पताल तक पहुंचे।
करीब 40 मिनट तक अस्पताल में रहने के बाद दंपति घर वापस लौटने लगे, तो मनचले फिर उनका पीछा करने लगे। रात करीब 11.30 बजे दंपति भोपाल टॉकीज चौराहा से आगे होटल प्राइम के सामने पहुंचे, तभी मनचलों ने अपनी स्कूटर अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया और युवती से छेड़छाड़ शुरु कर दी। युवती के पति ने मदद के लिए शोर मचाया, तो राहगीरों ने दोनों मनचलों को दबोच लिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने नवबहार सब्जी मंडी क्षेत्र में रहने वाले शाहरुख और अरसदउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया।
