मोहम्मद याक़ूब खान भोपाल की रिपोर्ट
भोपाल । अखिल भारतीय़ पत्रकार सुरक्षा समिति मप्र ने नव नियुक्त मुख्यमन्त्री कमलनाथ को प्रदेश के पत्रकारों पर हो रहे हमलो , प्रताड़नाओ के सम्बन्ध मेँ शीघ्र कठोर कदम उठाने की मांग करते हुए प्रदेश मेँ पत्रकार सुरक्षा क़ानून लागू करने की मांग की । वहीं मप्र के अमानगंज के युवा पत्रकार को धमकाने वाले ठेकेदार के ख़िलाफ़ पुलिस महानिदेशक को शिकायत कर उसके विरुध्द कठोर कारवाई की मांग की ।
समिति के राष्ट्रीय महासचिव सैयद ख़ालिद कैस ने बताया कि मध्यप्रदेश के अमानगंज में मीठे जल हेतु पाइप लाइन बिछाने के लिए एल एन टी मशीनों से खुदाई कर पूरी सड़कों को तहस नहस कर दिया गया है जिससे आम जनों को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगर कोई दुर्घटना घटित हो जाये तो इस का ज़िम्मेदार कौन होगा? इसी मुद्दे को लेकर NIT ब्यूरो चीफ संदीप तिवारी ने 9 दिसम्बर को एक खबर प्रकाशित की थी जिससे नाराज़ हो कर ठेकेदार रत्नेश सिंह राजपूत ने उनके घर पहुंच कर गाली गलौज की और साथ ही साथ धमकी भी दी कि तुम्हें जान से मार कर पूरे परिवार को तहस-नहस कर दूंगा। मैं ऐसे ही अपनी मर्जी से काम करूंगा सारे नगर पंचायत के कर्मचारी और अधिकारी मेरी मुट्ठी में हैं। इस प्रकार के ख़बर छापने से मेरा कुछ नहीं बिगाड़ लोगे? इस प्रकार के दुर्व्यवहार की शिकायत लेकर संदीप तिवारी द्वारा नगर निरीक्षक अमानगंज को लिखित में आवेदन देकर उक्त ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। जिस पर आज दिनाँक तक कारवाई नही होने से ठेकेदार के हौसले बुलंद हैं , युवा पत्रकार की जान को खतरा होने के कारण दोषी ठेकेदार के ख़िलाफ़ कठोर कारवाई सुनिश्चित की जाएं।
