तो अजमेर फिर से हो जाएगा सांसद विहीन। पांच साल में यह दूसरा मौका। विधायक बनने के बाद रघु शर्मा देंगे लोकसभा से इस्तीफा।
इसे अफसोसनाक और राजनीतिक का चरित्र ही कहा जाएगा कि पांच वर्ष में यह दूसरा अवसर होगा जब अजमेर सांसद विहीन हो जाएगा। मौजूदा सांसद रघु शर्मा के अब विधायक बन जाने के बाद वे लोकसभा से इस्तीफा दे रहे हैं। रघु की अब पहली प्राथमिकता राजस्थान विधानसभा का सदस्य बन कर प्रदेश का मंत्री बनने की है, इसलिए वे सांसद के पद में कोई रुचि नहीं ले रहे हंै। 15 दिसम्बर को रघु शर्मा ने बताया कि वे लोकसभा के नियमों का अध्ययन कर रहे हैं और जल्द ही अपना इस्तीफा लोकसभा की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को भिजवा देंगे। सांसद रहते मंत्री पद की शपथ लेने में कोई कानूनी अड़चन नहीं है, लेकिन एक निश्चित समय तक ही वे दो संवैधानिक सदनों के सदस्य रह सकते हैं। रघु शर्मा अजमेर जिले के केकड़ी क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक बने हैं। रघु शर्मा के लोकसभा से इस्तीफा देने के साथ ही यह दूसरा अवसर होगा, जब अजमेर सांसद विहीन हो जाएगा। सब जानते है कि रघु ने जनवरी 2018 में हुआ लोकसभा का उपचुनाव कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था। रघु कोई 85 हजार मतों से जीते। रघु ने करीब दस माह तक अजमेर का संसद में प्रतिनिधित्व किया। लेकिन अब विधायक बनने के बाद वे इस्तीफा देने जा रहे हैं। वर्ष 2014 में सांवरलाल जाट भाजपा के सांसद बने थे। जाट को केन्द्र में मंत्री भी बनाया गया। तब यह लगा कि अजमेर का नेतृत्व मजबूत हो रहा है, लेकिन स्वास्थ्य खराब होने की वजह से जाट को मंत्री पद से हटा दिया गया। चूंकि जाट का स्वास्थ्य लगातार खराब हो रहा था, इसलिए 2017 में जाट का निधन हो गया। निधन के बाद कोई छह माह तक अजमेर सांसद विहीन रहा। पांच साल में पहली बार दुःखद कारणों से अजमेर सांसद विहीन हुआ तो अब राजनीति की वजह से अजमेर को सांसद विहीन होना पड़ रहा है। लोकसभा के आम चुनाव मई 2019 में होंगे। इसलिए कोई पांच माह तक अजमेर सांसद विहीन रहेगा।
मंत्री बनने की प्रबल संभावना:
असल में रघु शर्मा ने 2013 में केकड़़ी से ही विधानसभा का चुनाव लड़ा था, तब उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। सांवरलाल जाट के निधन के बाद जो राजनीतिक हालात उपजे उसमें रघु को अजमेर से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया गया। रघु ने तब भी आलाकमान से कहा था कि वे 2018 का विधानसभा का चुनाव केकड़ी से लड़ना चाहेते हैं। रघु शर्मा को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस ने उपचुनाव जीत लिया, लेकिन अब उनकी भावनाओं के अनुरूप विधायक भी बनवा दिया। चूंकि राज्य में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बन रही है, इसलिए रघु शर्मा के मंत्री बनने की प्रबल संभावना हैं। रघु के लिए यह अच्छी बात है कि अजमेर जिले से कांग्रेस के मात्र दो उम्मीदवार चुनाव जीते हैं। मसूदा से राकेश पारीक पहली बार विधायक बने हैं, इसलिए रघु शर्मा एक मात्र विधायक होंगे जो मंत्री बनकर अजमेर का प्रतिनिधित्व करेंगें।
एस.पी.मित्तल की क़लम से
