भोपाल -राजधानी भोपाल में आगामी 17 दिसम्बर को कांग्रेस विधायक दल के नेता कमलनाथ भेल के जंबूरी मैदान पर प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह को भव्य रूप देने की तैयारी में कांग्रेस जुट गई है। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिग्गज हस्तियों को आमंत्रण भेजा गया है। हालांकि, उस दिन सिर्फ कमलनाथ ही शपथ लेंगे, बाकी मंत्रियों को शपथ के लिए इंतजार करना होगा। मध्य प्रदेश में 15 साल का वनवास काटने के बाद आखिरकार कांग्रेस सत्ता में आ ही गई। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने सबसे ज्यादा किसानों का दिल जीता। यहां सरकार बनते ही 10 दिन में कर्जा माफ करने का कांग्रेस ने वादा किया है। इसी वादे ने कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम किया। हालांकि सरकार बनाने में सपा और बसपा का भी समर्थन मिला है। अब शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियां की जा रही हैं।
खास बात यह है कि कांग्रेस इस शपथ ग्रहण समारोह के जरिये भाजपा को महागठबंधन की ताकत दिखाने की तैयारी में है। जिसके लिये पार्टी नेताओं के साथ-साथ विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।
कांग्रेस ने समारोह में शामिल होने के लिये प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, कर्नाटक सीएम कुमार स्वामी, डीएमके नेता स्टालिन को न्योता भेजा है। हालांकि उस दिन सिर्फ कमलनाथ ही शपथ लेंगे, बाकी मंत्रियों को शपथ के लिए इंतजार करना होगा।
