नीमच से नरेन्द्र गहलोत की ख़ास रिपोर्ट
मध्यप्रदेश के नीमच में पुलिस का अमानवीय चेहरा देखने में आया है। जहां पर नीमच जिले की नयागांव पुलिस द्वारा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की ओर से आए करीब 50 दिहाड़ी मजदूर नयागांव रेलवे स्टेशन के समीप ठहरे हुए थे। ऐसे में सुबह एक तूफान गाड़ी से दो पुलिस वाले आए और कुछ मजदूरों के साथ बदसलूकी करी और उन पर लठ से वार भी किया। इन मजदूरों का आरोप है कि यह सुबह अपने छोटे-छोटे बच्चों के लिए खाना बना रहे थे इसी दौरान पुलिस वाले आए और उन पर लठ से वार करते हुए बदसलूकी की और कहा कि यहां से चले जाओ वरना गोली से उड़ा देंगे। सबसे बड़ी बात इन मजदूरों में एक गर्भवती महिला भी थी जिसका नाम कमलाबाई है उस पर भी पुलिस वालों ने रहम नहीं किया और लठ से वार किया। इन मजदूरों का कहना है कि 3 दिन पहले राजस्थान की ओर से मध्यप्रदेश की तरफ निकले थे उधर राजस्थान पुलिस ने भी इन्हें भगा दिया तो वही मध्य प्रदेश में आने के बाद पुलिस ने भी इनके साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया। हालांकि इनका यह भी कहना है पुलिस ने इन्हें शाम को तो खाने के लिए खाना दिया था मगर सुबह में पुलिस ने उन पर लठ बरसा दिए और गोली मारने की बात कह डाली।वहीं मामले पर अपना पक्ष रखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने जाँच उपरांत कारवाई की बात की ।
