फतेहाबाद, -हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल फतेहाबाद में आज से दो दिवसीय दौरे के दौरान 75 करोड़ 88 लाख रुपये लागत की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री आज दोपहर 3 बजे भूना रोड स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में पहुंचेगे। मुख्यमंत्री यहां जनता दरबार में लोगों की शिकायतें सुनेंगे। मुख्यमंत्री इस दिन 11 करोड़ 92 लाख 49 हजार रुपये लागत की पिरथला डिस्ट्रीब्यूट्री का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री भूना में 26 करोड़ 99 लाख 60 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, भूना में ही 28 करोड़ 83 लाख 82 हजार रुपये की लागत से बनने वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (जलघर), 4 करोड़ 6 लाख 53 रुपये की लागत से अपग्रेड किए जाने वाले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई तथा 4 करोड़ 6 लाख 53 रुपये की लागत से ही अपग्रेड किए जाने वाले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जमालपुर का शिलान्यास करेंगे।
उपायुक्त ने बताया की आज ही मुख्यमंत्री लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में सायं साढ़े 5 बजे जिलाधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। रात्रि साढ़े 8 बजे भूना रोड स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में एनीमेंट पर्सन के साथ बैठक करेंगे।कल मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे रतिया रोड स्थित किंग्स एम्पायर बैंक्वेट हॉल में जनप्रतिनिधियों, निगरानी समिति सदस्यों तथा पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। साढ़े 10 बजे मुख्यमंत्री मनोहर लाल यहीं पर संवाददाताओं से भी रूबरू होंगे।
