कर्नाटक। भारत की फिल्मी दुनिया के सबसे बड़े सुपरस्टार कहे जाने वाले रजनीकांत 67 साल के हो गए हैं। बेहद भव्य तरीके से अपना जन्मदिन मनाने वाले रजनीकांत ने आज अपना जन्मदिन नहीं मनाया। उनके घर के सामने हजारों की तादाद में प्रशंसक घंटों जमा रहे लेकिन रजनीकांत बाहर नहीं आए। रजनीकांत पूरे दिन घर के भीतर ही रहे। उन्होंने दक्षिण भारत के कई राज्यों में तबाही मचा रहे ओखी तूफान की वजह से जन्मदिन नहीं मनाया।
रजनीकांत बीते कई साल से अपना जन्मदिन नहीं मना रहे हैं। 2015 में उन्होंने चेन्नई में आई भंयकर बाढ़ की वजह से जन्मदिन ना मनाने का फैसला किया था। 2016 में उनके जन्मदिन से पहले तमिलनाडु की उस समय की मुख्यमंत्री जयललिता के निधन के बाद उन्होंने कोई जश्न ना मनाने का फैसला किया था। इस साल ओखी तूफान की वजह से उन्होंने बर्थडे नहीं मनाया। रजनीकांत का जन्म 12 दिसंबर, 1950 को मैसूर (बेगंलूरू) के एक मराठा परिवार में हुआ। उनका असली नाम शिवाजी राव गायकवाड़ है। अपनी युवावस्था में उन्होंने कारपेंटर, कुली और बस कंडक्टर की नौकरी भी की। रजनीकांत ने अपनी फिल्मी करियर की शुरुआत तमिल फिल्म अपूर्वा रागंगल (1975) से की, जिसमें उनका छोटा सा रोल था। तेलुगु फिल्म चिलकम्मा चेप्पिंडी (1977) बतौर मेन लीड रजनीकांत की पहली फिल्म थी। तब से वो लगातार फिल्मी दुनिया के बेताज बादशाह बने हुए हैं।
राजनीतिक और सिनेमा जगत की हस्तियों ने अभिनेता को जन्मदिन की मुबारकबाद दी है। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया, मेरे दोस्त, सहकर्मी, बेहद विनम्र और बडे़ दिल वाले व्यक्ति को जन्मदिन की शुभकामनाएं। स्टालिन ने ट्वीट किया, सुपरस्टार रजनीकांत को जन्मदिन की बधाई। मैं आपके लंबे, संतोषी, खुशहाल और तंदुरूस्त जीवन की कामना करता हूं। अभिनेता अक्षय कुमार, द्रमुक नेता एमके स्टालिन, एमडीएमके के संस्थापक वाइको, भाजपा की प्रदेश प्रमुख एम सौंदरराजन, अभिनेत्री राधिका, काजल अग्रवाल और विक्रम प्रभु समेत कई हस्तियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं….
