अशोकनगर| प्रदेश में दो सीटों पर उपचुनाव होना है, और चित्रकूट में मिली हार के बाद अब सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है| जिसके चलते अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं चुनाव क्षेत्रों में लगातार सभाएं कर घोषणाएं कर रहे हैं| इसी क्रम में सीएम शिवराज आज मुंगावली विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे| यहाँ सीएम ने सहराई एवं बहादुरपुर कस्बे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हितग्राहियों को अधिकार पत्र बांटे एवं कई शासकीय योजनाओं का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए भी कई सारी घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि बिजली से परेशान गरीबों के लिए एक नई नीति बनाएंगे| गरीबों के लिए अब मीटर से रीडिंग नहीं होगी और बिजली समस्या का भी समाधान होगा, इसके लिए नियम तैयार किये जा रहे हैं, जल्द ही इसे लागू करेंगे| इसके अलावा बलात्कार के आरोपियों को फांसी देने पर भी सीएम ने हस्ताक्षर अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा आप दुराचारियों को फांसी दिलवाने के लिए हस्त्ताक्षर अभियान चलाओ। और राष्ट्रपति को भेजो की बेटियों के साथ होने वाले दुष्कर्म के लिए जो प्रदेश सरकार ने प्रस्ताव भेजा है उसको पास करो। सरकार जनता के हर संकट की घड़ी में खड़ी है, किसी को भूमि हीन नहीं रहने देंगे, प्रत्येक व्यक्ति जमीन का मालिक होगा, ऐसा कानून बना दिया गया है और जमीन के बाद प्रधानमंत्री योजना के तहत पक्के मकान बनाने का काम भी किया जा रहा है।
कांग्रेस सांसद और विधायक ने कभी कोई मांग नहीं की
मुंगावली सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ के तौर पर माना जाता है, उनके गढ़ में ही आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंधिया का नाम लिए बिना विकास के मुद्दे पर सांसद को घेरने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बड़ा हमला किया । उन्होंने कहा कि इस इलाके में कांग्रेस के सांसद हैं और कांग्रेस के ही विधायक भी थे। मगर कभी उन्होंने विकास के मुद्दे पर उनसे कोई बात नहीं की ,कोई मांग नहीं की । मुख्यमंत्री ने कहा किै इस दौरान क्षेत्र का ज्यादा से ज्यादा विकास किया जाएगा। मुंगावली-बहादुरपुर को तहसील का दर्जा मिला है, बहादुरपुर को बनाया जायेगा तहसील मुंगावली-बहादुरपुर को अगली बैठक में तहसील के प्रस्ताव पास कर देंगे | सीएम ने कहा 20 दिसम्बर को पिपरई आ रहा हूँ। आदेश लेकर ही आऊँगा हम कोई कांग्रेसी नहीं है हम जनता के हित के लिये हर नियम बदल देंगे|
करीला मंदिर को एक करोड़ देने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने करीला में विकास प्राधिकरण बनाने की घोषणा करते हुए एक करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने उपचुनाव को देखते हुए राजनीतिक बयान भी दिया उन्होंने सिंधिया पर इस इस क्षेत्र के विकास के लिये कभी भी उनसे ना मिलने की बात कही । मुख़्यमंत्री के साथ 3 मंत्री जयभान सिंह पवैया,भूपेंद्र सिंह एवं रामपाल सिंह कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुंगाबली में विधानसभा का उपचुनाव होंना है । इसलिए इस कार्यक्रम की शुरुआत भी राजनैतिक भाषण से हुई। जिले के प्रभारी मंत्री जयभान सिंह पवैया ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा। सिंधिया से हाथ मिलाने पर कोंग्रेसियो को 10 रुपये के पुरस्कार देने की बात दोहराई।
बहादुरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सबसे बड़ी पहचान माता जानकी के करीला मंदिर को लेकर घोषणा की । उल्लेखनीय है कि देश भर में करीला धाम को मां जानकी के मंदिर को बालमीक आश्रम के रूप में मान्यता प्राप्त है कहा जाता है कि यहां माता सीता ने लव कुश को जन्म दिया था। मुख्यमंत्री ने इन बातों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वह विदिशा से सांसद थे तब से इस मंदिर के दर्शन करने आते रहे हैं इसलिए उन्होंने घोषणा की करीला विकास प्राधिकरण बनाया जाएगा साथ ही एक करोड़ रुपए की राशि भी इस मंदिर के निर्माण के लिए खर्च की जाएगी । बहादुरपुर से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम वापस भोपाल पहुंचने का था मगर मुख्यमंत्री ने अपना कार्यक्रम बदलते हुए विधानसभा मुख्यालय मुंगावली पहुंचने की घोषणा की उन्होंने कहा कि वह मुंगावली में लोगों से मिलेंगे और देर रात भोपाल पहुंचेंगे|
