भोपाल : रविवार को बुरहानपुर शहर में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाह योजनान्तर्गत मुस्लिम समाज के 30 जोड़ों का रीति-रिवाजों एवं परम्पराओं के साथ निकाह समारोह का आयोजन किया गया। महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस निकाह समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने इस मौके पर सभी नव-दम्पत्तियों को आशीर्वाद और बधाई दी तथा उनके खुशहाल वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में महापौर श्री अनिल भोंसले, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनोज तारवाला सहित शहर के गणमान्य नागरिक तथा अन्य जन-प्रतिनिधि मौजूद थे। इंटरलिंकिंग योजनान्तर्गत शनिवार को बुरहानपुर में रोजगार मेला आयोजित किया गया। मेले में स्व-रोजगार योजनाएँ संचालित करने वाले उद्योग विभाग, हाथकरघा विभाग और आदिवासी, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, जिला अग्रणी बैंक, पॉलीटेक्निक कॉलेज, आईटीआई कॉलेज, खादी ग्रामोद्योग द्वारा प्रदर्शनी और स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।
रोजगार मेले में 235 युवाओं का पंजीयन किया गया। मेले में कृषि धन बॉयो-केयर इंदौर द्वारा 14, नेटवर्क मार्केटिंग खण्डवा 37, रियायन्स इंश्योरेंस बुरहानपुर 19, एलआईसी बुरहानपुर 8, न्यूट्री साईस इंदौर 10, कैप्टन सिक्योरिटी हैदराबाद 10, अशोका फायनेंस कसरावद 2, नवशक्ति बॉयोक्राप केयर द्वारा 15, इस प्रकार कुल 115 युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया गया।
