भोपाल :महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने माउन्ट एवरेस्ट फतह करने वाली पहली दिव्यांग पर्वतारोही सुश्री अरुणिमा सिन्हा के साथ महाकाल मंदिर उज्जैन में हुए दुर्व्यवहार की घटना के संबंध में संभागायुक्त उज्जैन को दो दिन में जाँच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने मंदिर में तत्काल ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित कर अवगत कराने के निर्देश दिये हैं, जिससे किसी भी महिला के साथ ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
श्रीमती चिटनिस ने कहा है कि वे स्वयं दिव्यांग व्यक्तियों से व्यवहार के विषय पर महाकाल मंदिर की व्यवस्था में लगे सभी कर्मचारियों तथा पंडित एवं पुजारियों से मिलकर बातचीत करेंगी। उन्होंने कहा कि वे सुश्री अरुणिता सिन्हा से मिलने शीघ्र ही लखनऊ जायेंगी और उन्हें फिर मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण देंगी। श्रीमती चिटनिस ने कहा है कि वे देश की ऐसी बेटी हैं जिस पर हम सबको गर्व है।
