भोपाल : पन्ना जिले में तीसरे दिन एकात्म यात्रा की शुरूआत पवई से हुई। यात्रा ग्राम उमरिया, मुराछ, हिनौता, इटौरी, अमानगंज, पिपरवाह, तारा, अकोला, अमझिरिया होते हुए पन्ना पहुँची। पन्ना में जिला-स्तरीय जन-संवाद हुआ। यात्रा का जगह-जगह भावभीना स्वागत किया गया।
जन-संवाद में स्वामी अखिलेश्वरानंद ने सामाजिक समरसता, एकता और संगठन पर बल देते हुए कहा कि संसार में सभी धर्म एक समान हैं। उपासना पद्धति में भिन्नता के कारण इन्हें भिन्न-भिन्न धर्म के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य के अद्वैत दर्शन ने विश्व को विविधताओं से परे एक सूत्र में बाँधने का कार्य किया है।
यात्रा के दौरान बेटी बचाओ संकल्प के लिये हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और नशामुक्ति का संदेश दिया गया। जन-संवाद में समाज में फैले जातिवाद, ऊँच-नीच एवं पाखण्ड को दूर कर भेदभाव रहित समाज निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प दिलाया गया। जिले में शंकराचार्य के जीवन-दर्शन पर आधारित आयोजित प्रतियोगिताओं के चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया। प्रथम पुरस्कार 10 हजार, द्वितीय 5 हजार और तृतीय पुरस्कार 3 हजार रुपये का था।
जबलपुर जिला
जबलपुर जिले के सीहोरा में आयोजित जन-संवाद में महामण्डलेश्वर स्वामी विवेकानंद पुरी जी महाराज ने कहा कि अद्वैत वेदांत के अजेय योद्धा आदि गुरु शंकराचार्य का दर्शन न केवल मानव मात्र वरन् पूरे विश्व के कल्याण के लिये है। उन्होंने आदि शंकराचार्य के जीवन के विभिन्न प्रसंगों से उपस्थित जन-समूह को परिचित करवाया। विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी ने एकात्म भाव को आत्मसात कर स्वयं के साथ समाज और राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान देने का संकल्प दिलाया।
पनागर में आयोजित जन-संवाद में विधायक श्री सुशील तिवारी इन्दु ने यात्रा ध्वज स्थापित किया तथा उपस्थित संतों का स्वागत किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल एवं अन्य विशिष्टजन उपस्थित थे।
