भोपाल / दिल्ली। मप्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल अपने मंत्री परिषद् का विस्तार करने जा रहे हैं। दिल्ली में पार्टी हाईकमान से इसके निर्देश आज सबेरे मुख्यमंत्री को मिले और इसके बाद प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गयीं। हालाँकि औपचारिक तौर पर किसी ने इसका एलान नहीं किया है लेकिन मुख्यमंत्री निवास में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नन्द कुमार सिंह चौहान के साथ मुख्यमंत्री मंत्रणा कर रहे है। बैठक में जाते वक्त मीडिया ने जब मंत्रिमंडल विस्तार की बात पूछी तो वे बोले – कभी न कभी तो विस्तार होगा ही।
सूत्रों की माने तो शाम को आठ बजे तक नए मंत्रियों को कलेक्टर्स के माध्यम से औपचारिक सूचना भेज दी जायेगी। अटकलों के चलते राज भवन में भी तैयारियां शुरू हो गयीं है। माना जा रहा है शाम को मुख्यमंत्री राजयपाल आनंदी बेन पटेल से मिलकर सूची सौंप सकते है।
सूत्र बताते है कि इस बार विस्तार के साथ ही कुछ मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। कुसुम मेहदेले का नाम लिया जा रहा है।
इसके अलावा प्रदेश भर में कुशवाह और दलितों की नाराजी पर गहन चिंतन चल रहा है जिसके चलते ग्वालियर में दक्षिण से विधायक नारायण सिंह कुशाह को एक बार फिर मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाएगा। उन्हें केबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है या फिर स्वतंत्र प्रभार दिया जा सकता है। जाटव वोटों के पार्टी से छिटकने को लेकर संघ और पार्टी दोनों चिंतित है इसके लिए लाल सिंह आर्य को पदोन्नत कर केबिनेट बनाया जा सकता है जबकि गुना जिले से एक दलित विधायक को मंत्री बनाने पर भी माथापच्ची चल रही है।
