नई दिल्ली: दिवंगत दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर ने मंगलवार को अपना 21वां जन्मदिन मनाया. दुबई में पिछले महीने हुए श्रीदेवी के निधन से उनका पूरा परिवार और सभी प्रशंसक सदमे में हैं. लेकिन निधन से पहले ही श्रीदेवी ने जाह्नवी के जन्मदिन के लिए खास तैयारियां कर रखी थीं, इसको मद्देनजर रखते हुए परिवार ने उनका जन्मदिन मनाया. उन्होंने पिता बोनी कपूर, बहन खुशी, सौतेली बहन अंशुला कपूर के साथ केक कांटा. सोनम कपूर, रिया कपूर, संजय कपूर, शनाया कपूर सेलिब्रेशन का हिस्सा बने.
जाह्नवी के फैन क्लब में उनके बर्थडे सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो जारी किया है, जिसमें वह किसी अनाथआश्रम के बच्चों के साथ केक काटती दिखाई दे रही हैं. जाह्नवी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आश्रम के बच्चे उनके लिए गाना गाते हुए कहते हैं, “हैप्पी बर्थडे टू यू, दीदी…”
21वें जन्मदिन के मौके पर उनकी चचेरी बहन सोनम कपूर ने उन्हें ‘मजबूत लड़की’ कहकर संबोधित किया. सोनम ने जाह्नवी की मुस्कुराती हुई तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मुझे पता है कि आप सबसे मजबूत लड़कियों में से एक हैं, जो आज की युवती है. हैप्पी बर्थडे जान्नू. जाह्नवी कपूर 21वां जन्मदिन.”
मनीष मल्होत्रा श्रीदेवी के प्रसंदीदा डिजाइनरों में से एक हैं और जाह्नवी भी कई मौकों पर मनीष मल्होत्रा के आउटफिट पहने नजर आ चुकी हैं. डिजाइनर ने मां और बेटी के साथ अपनी तस्वीर जारी कर लिखा, “मेरी प्यारी जाह्नवी कपूर को जन्मदिन की शुभकामनाएं. भगवान खुशी, प्यार और मन में शांति बनाए रखे.” जाह्नवी कपूर करण जौहर द्वारा निर्मित फिल्म ‘धड़क’ के साथ बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं. अपनी बेटी की पहली फिल्म देखने के लिए श्रीदेवी बहुत उत्साहित थीं. उन्होंने पिछले साल कहा था कि उन्हें विश्वास है कि उनकी बेटी फिल्म-उद्योग में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं. लेकिन दुर्भाग्य से श्रीदेवी उस वक्त बेटी के साथ नहीं होंगी, जब जुलाई में ‘धड़क’ रिलीज होगी.
श्रीदेवी और बोनी कपूर की दो बेटियां हैं. 24 फरवरी को दुबई के एक होटल के बाथटब में गिर जाने से दुर्घटनावश मां के निधन के एक सप्ताह बाद बेटी जाह्नवी ने अपने विचार साझा किए हैं. उन्होंने लिखा, “अपने जन्मदिन पर मैं आप सबसे सिर्फ एक बात कहूंगी कि अपने माता-पिता से प्यार करें. प्यार महसूस कराने के लिए उन्हें खुशी और समर्पण दें. उन्होंने आपको बनाया है और मैं कहना चाहती हूं कि मेरी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें.” जैसा कि जाह्नवी ‘धड़क’ के साथ बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं, उन्होंने कहा कि वह अपनी मां का नाम रोशन करेंगी. उन्होंने लिखा, “हर सुबह, मैं इसी उम्मीद से उठती हूं कि एक दिन मैं आपको गौरवान्वित करूंगी, मैं वादा करती हूं कि हर दिन मैं इसी आशा से उठूंगी, क्योंकि आप यहां हैं और मैं उन्हें महसूस कर सकती हूं.”
