भोपाल । म॰प्र॰ मे पत्रकारो के विरुध्द माफियाओं, अपराधियों द्वारा हमले और झूठे मुकदमे दर्ज कराना आम बात हो गई है । लेकिन रेत माफिया को संरक्षण देने वाली पुलिस के दामन पर पत्रकार के खून के धब्बे लगना चिँता का विषय है ।
ताज़ा मामला मध्य प्रदेश के भिंड जिले का है जिसमें पत्रकार संदीप शर्मा की ट्रक से कुचलकर हत्या की गई है | पत्रकार ने रेत माफिया और पुलिस के गठजोड़ का स्टिंग ऑपरेशन किया था, जिसके बाद पत्रकार को जान का ख़तरा था, इसकी संभावना संदीप ने एसपी को लिखे लेटर में की थी, जो अब वायरल हो रहा है| वहीं इस घटना का जो वीडियो वायरल हुआ उसमे साफ़ नजर आ रहा है कि ट्रक चालक ने जानबूझकर संदीप को ट्रक से कुचल दिया और फरार हो गया| इस घटना से एक बार फिर पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं माफिया का किस कदर एमपी में गुंडाराज है इसकी भी वानगी सामने आयी है|
सरकार गुंडों, बदमाशों पर नकेल कसने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दे रही है, लेकिन रेत माफिया जो अब बेलगाम हो चुका है, इस पर चुप्पो साधे हुए हैं| रेत माफिया की गुंडागर्दी की तस्वीरें आये दिन सामने आती है, बल्कि कई हमले भी पत्रकार और पुलिस पर हो चुके हैं| वहीं रेत माफिया और पुलिस के सम्बन्ध को लेकर भी कई खुलासे हो चुके हैं, उन्ही में से एक बड़ा खुलासा जो संदीप ने किया था, जिसमे तत्कालीन अटेर एसडीओपी इंद्रवीर भदौरिया का नाम सामने आया था| जिसके बाद संदीप ने एसपी से सुरक्षा की मांग की थी और आज उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसे हत्या की आशंका जताई जा रही है| वहीं पुलिस ने अब तक इस मामले में सामान्य एक्सीडेंट दिखाकर मामला दर्ज कर लिया है| ‘मप्र के भिंड में रेत माफिया और पुलिस गठजोड़ का पर्दाफ़ाश करने वाले पत्रकार की डंपर से कुचलकर हत्या- यह अत्यंत गंभीर एवं संदिग्ध मामला है जिसकी तत्काल CBI जाँच होनी चाहिए। मप्र में निडर खनन माफिया के हौंसले बढ़ते जा रहे है और निःसहाय सरकार आंख मूंद कर बैठी है’।
ज्ञात हो कि सोमवार को सुबह एक ट्रक ने बाइक पर जा रहे पत्रकार संदीप शर्मा को कुचल दिया और तेजी से ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया| हादसे के बाद जो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं उसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है ट्रक चालक ने संदीप शर्मा को जानबूझकर मारा है । फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि संदीप शर्मा बिल्कुल सड़क के किनारे कच्चे रास्ते में खड़े हुए थे और ट्रक चालक ने इतना ज्यादा ट्रक घुमाया कि वे उसकी चपेट में आ गए और जिससे उनकी मौत हो गई | इसके बाद में डायल हंड्रेड उनको लेकर जिला चिकित्सालय पहुंची तो डायल हंड्रेड के कर्मियों के द्वारा उन्हें सीधे डेड हाउस भेज दिया गया । जबकि नियमानुसार उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाना था जहां पर उनका इलाज किया जा सकता था । जब कुछ पत्रकारों ने इस बात पर आपत्ति जताई तो उनके घायल शरीर को ट्रामा सेंटर लाया गया जहां चेकअप के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया |
अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति मप्र भिंड जिले मे मारे गये पत्रकार की हत्या की निन्दा करती है । abpss के प्रदेश अध्यक्ष सय्यद खालिद कैस ने कहा कि पत्रकार की हत्या मे शामिल माफिया और पुलिस अधिकारी के विरूद्ध कठोर कार्यवाही माँग सहित ABPSS द्वारा मध्य प्रदेश के डीजीपी को ज्ञापन देकर मामले की उच्च स्तरीय जाँच की माँग की जायेगी ।