रायसेन से नसीम अली की रिपोर्ट 

रायसेन, 02 अगस्त 2019
आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत 03 अगस्त को गैरतगंज स्थित कृषि उपज मण्डी परिसर में शिविर आयोजित किया गया है। इस शिविर में स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी तथा कुटीर एवं ग्रामोद्योग, नवीन तथा नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री हर्ष यादव शामिल होंगे और लोगों की शिकायतों, समस्याओं का समाधान करेंगे।
कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने गैरतगंज में शिविर स्थल का निरीक्षण कर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री भार्गव ने शिविर में आने वाले लोगों के लिए की गई बैठक व्यवस्था, पेयजल, विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगाए गए स्टॉल, आवेदन लिए जाने के लिए काउन्टर स्थल आदि का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को अपना आवेदन देने या शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री अवि प्रसाद, एसडीएम श्रीमती मोहिनी शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत तथा जिला अधिकारी करेंगे गांव का भ्रमण

गैरतगंज में शिविर आयोजन के पूर्व 03 अगस्त को ही आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामवासियों की स्थानीय समस्याओं तथा आवश्यकताओं को जानने और उनके निराकरण हेतु कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव, सीईओ जिला पंचायत श्री अवि प्रसाद सहित जिला अधिकारी गैरतगंज विकासखण्ड के संबंधित गांव का भ्रमण करेंगे। गांव के भ्रमण के लिए सभी जिला अधिकारी कलेक्ट्रेट कार्यालय से बस में सवार होकर एक साथ गैरतगंज विकासखण्ड के संबंधित गांव पहुचेंगे। गांव में भ्रमण के दौरान शासकीय स्कूल, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केन्द्र आदि का निरीक्षण किया जाएगा तथा ग्रामवासियों से उनकी समस्याओं तथा विकास के संबंध में चर्चा की जाएगी।

शिविर स्थल पर मिलेगी योजनाओं की जानकारी

आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत गांव भ्रमण के पश्चात दोपहर 02 बजे गैरतगंज स्थित कृषि उपज मण्डी परिसर में लोगों की समस्याओं, शिकायतों आदि के निराकरण के लिए शिविर आयोजित किया गया है। शिविर स्थल पर सभी विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, जिसमें विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभाग से संबंधित शिकायत, समस्या या मांग आदि संबंधी आवेदन पत्र भी प्राप्त किए जाएंगे।

लोगों की समस्याओं, शिकायतों का होगा त्वरित निराकरण

गैरतगंज में आयोजित शिविर में आने वाले आवेदकों की समस्याओं तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। समस्या, शिकायत का तत्काल निराकरण नहीं किए जाने की स्थिति में आवेदक को निराकरण करने की समय सीमा निर्धारित कर सूचना दी जाएगी। निर्धारित समय सीमा में समस्या के निराकरण के उपरांत निराकरण की सूचना विभाग द्वारा आवेदक को दी जाएगी तथा पोर्टल पर निराकरण की स्थिति अपडेट करनी होगी। शिविर की अवधि आवेदकों की सुनवाई पूर्ण होने या उनके द्वारा दिए जाने वाले आवेदनों के प्राप्त होने तक रखी जाएगी।