अजमेर -अजमेर लिट्रेचर फेस्टिवल 2017 का चौथा आयोजन 21 से 24 दिसम्बर तक आदर्शनगर स्थित मुकुन्द गार्डन में आयोजित किया जाएगा। । फेस्टिवल में देश-विदेश के राजनीतिक साहित्यकार, अभिनेता व पत्रकार शामिल होंगे।
फेस्टिवल के संयोजक रासबिहारी गौड़ ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन की प्रसिद्धि को देखते हुए इस बार आयोजन का समय तीन दिन की जगह चार दिन तक किया गया है। पूर्व में हुए आयोजन में संपूर्ण दिन विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाता था लेकिन इस बार दोपहर 2 बजे से सत्र शुरू होंगे। सभी सत्रों का क्रमश: आयोजन होगा।
फेस्टिवल में साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता, समाजसेवा, राजनीति से संबंधित अनेक हस्तियां एक ही मंच पर अलग-अलग समय पर अपने क्षेत्र व विषय पर विमर्श करेंगे। सिनेमा जगत के प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, अभिनेत्री शबाना आजमी, गीतकार जावेद अख्तर, निर्देशक मुजफ्फर अली, पद्म विभूषण से विभूषित गोपालदास नीरज, कथाकार व आलोचक प्रयाग शुक्ल, आलोचक मुकेश कुमार, मीडिया से प्रांजल धर, हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा, मीरा पुरस्कार से सम्मानित बलवीर सिंह करूण, अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त शायर शीन काफ निजाम, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनोज सिसोदिया, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव, आरएसएस के हनुमान प्रसाद राठौड़, सोशल मीडिया पर लोकप्रिय नाम गौरव त्रिपाठी, व्यंग्यकार पंकज प्रसून, युवा कहानीकार पंखुड़ी सिन्हा, एनडीटीवी से अभिज्ञान प्रकाश, एबीवीपी न्यूज से अभिसार शर्मा, श्रीपाल शक्तावत, ईशमधु तलवार आदि भाग लेंगे। सोसायटी के सदस्य सोमरत्न आर्य ने बताया कि फेस्टिवल में पहली बार अमेरिका व इंग्लैण्ड से भी साहित्यकार प्रवासी लेखन को लेकर विमर्श करेंगे। इसमें अमेरिका से सरस्वती माथुर, यूके के पदमेश गुप्ता आयोजन में शिरकत करेंगे। इसके साथ स्थानीय साहित्यकारों में सीपी देवलए सुरेन्द्र चतुर्वेदी, बख्शीश सिंह, गोविन्द भारद्वाज आदि भी अपनी सहभागिता रखेंगे।
फेस्टिवल को लेकर विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है। इसमें आयोजन समिति में सोमरत्न आर्य, नवीन सोगानी, रमेश ब्रह्मवार, सत्कार समिति में रजनी भार्गव, रेखा गोयल, उमेश भार्गव, गोपाल सिंह चौहान, राजेश गोयल, परिवहन समिति में बाबूलाल अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, अनिल ऐरन, प्रचार समिति में निरंजन महावर, विनोद शर्मा, डॉ वंदना पोरवाल, शरद खंडेलवाल व अक्षत गौड को शामिल किया गया है। आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए संयोजक रास बिहारी गौड़ के मोबाइल नंबर 09680073007 पर भी सम्पर्क किया जा सकता हैं।
