आनंद कारज की रस्म दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू हुई और सवा एक बजे संपन्न हुई। पिता अनिल कपूर, मां सुनीता कपूर, भाई हर्षवर्धन के अलावा अर्जुन कपूर, संजय कपूर, बोनी कपूर उनकी बेटियां जाह्नवी, खुशी और परिवार के कई अन्य सदस्य इस दौरान मौजूद रहे। नवविवाहित जोड़े ने शाम को पांच सितारा होटल में भव्य रिसेप्शन दिया। फैशन के अलग अंदाज को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वालीं सोनम दुल्हन के लाल लिबास में बेहद सुंदर दिख रही थीं। डिजाइनर अनुराधा वकील के डिजाइन किए लहंगा चोली पहने और जेवरों से लदी सोनम शाही नजर आ रही थीं।
शादी में बॉलीवुड से अमिताभ बच्चन अपने बेटे अभिषेक और बेटी श्वेता के साथ पहुंचे। करण जौहर, रणवीर सिंह, सैफ अली खान, करीना कपूर, करिशमा कपूर, रानी मुखर्जी, जैकलिन फर्नांडीज, स्वरा भास्कर, जावेद अख्तर, डिजाइनर मासबा गुप्ता, आमिर खान और किरण राव ने भी शादी में शिरकत की।
