-महेश दीक्षित
भोपाल। भाजपा, चुनाव और सीडी का एक खास रिश्ता बनता जा रहा है। खासकर मप्र में मंत्रियों की सेक्स सीडी ने सरकारों की नाक में दम कर दी है। कुछ महीने पहले मप्र भाजपा सरकार के एक मंत्री की कथित सीडी का मामला गर्माया था, अब दो और मंत्रियों व भाजपा संगठन के एक बड़े पदाधिकारी की सेक्स सीडी ने प्रदेश के राजनीतिक हलकों में हलचल मचा रखी है। इन सेक्स सीडी को लेकर मंत्रियों और पदाधिकारी पर महिलाओं के देह शोषण के आरोप लग ही रहे हैं। हालांकि पार्टी ने ऐसी किसी सेक्स सीडी के मिलने से इंकार किया है।
दरअसल, इन दिनों भाजपा सरकार के दो मंत्रियों और प्रदेश भाजपा संगठन के एक बड़े पदाधिकारी की कथित विवादित सेक्स सीडी ने मप्र के राजनीतिक हलकों में हलचल मचा रखी है। इनमें एक कथित विवादित सेक्स सीडी मप्र भाजपा संगठन के पदाधिकारी की है। पिछले दिनों इनका नाम भाजपा अध्यक्ष की दौड़ में खूब चला था। इस भाजपा पदाधिकारी पर देवास की एक युवती ने देह शोषण का आरोप लगाया है। हालांकि अभी सीडी वायरल नहीं हुई है।
मंत्रियों की सीडी चर्चा में
इसी तरह से मप्र भाजपा सरकार के दो कद्दावर मंत्रियों की कथित विवादित सीडी इन दिनों में चर्चा में हैं। इनमें वीडियो में मंत्रियों की डर्टी पिक्चर दिखाई गई है। इनमें एक मंत्री विंध्य क्षेत्र से आते हैं। जबकि दूसरे मंत्री इंदौर संभाग से हैं। हालांकि अभी मंत्रियों के नाम सामने नहीं आए हैं। भाजपा के सूत्रों का कहना है कि ऐसे में यह कथित सीडी शिवराज सरकार के लिए फिर मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
एक सेक्स सीडी ने गए साल मचाया था तहलका
सितंबर 2017 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक चहेते मंत्री की पार्टी की ही एक युवा महिला नेता से नजदीकियों की सेक्स सीडी पिछले साल सामने आई थी। इस सीडी को लेकर कई महीनों तक राजनीतिक हलकों में भूचाल मचा रहा। बताते हैं कि मंत्री की यह सेक्स सीडी पार्टी के ही कुछ नाराज नेताओं ने तैयार करवाई थी। यह सेक्स सीडी मुख्यमंत्री और पार्टी हाईकमान को भेजी गई थी। लेकिन बाद में पार्टी की छबि धूमिल न हो, इसलिए सारे सबूतों के बावजूद मामले को दबा दिया गया।
राघवजी फंस चुके हैं सीडी कांड में
इससे पहले वर्ष 2013 में शिवराज मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य राघवजी भाई एक सीडी कांड में फंस चुके हैं। उनके अपने घरेलू सहायक ने उन पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। इसके बाद राघवजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और वह जेल भेजे गए थे।
इनके वीडियो भी मचा चुके हैं बवाल
2005 में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संजय जोशी का कथित सेक्स वीडियो सामने आया था। जिसकी वजह से श्री जोशी को भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ी थी। हालांकि जांच में सीडी को गलत करार दिया गया। इसी तरह 2011 में मंदसौर जिला भाजपा अध्यक्ष कारूलाल सोनी का डर्टी वीडियो राजनीतिक हलकों में तहलका मचा चुका है। इसमें सोनी को किसी महिला के साथ दिखाया गया था। इस सेक्स वीडिया के सामने आने पर सोनी को भाजपा से निलंबित कर दिया गया था।
