भोपाल । कलेक्टर डॉ. सुदाम खाड़े ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे “मिल बाँचे” कार्यक्रम से जुड़कर अपने अनुभवों से बच्चों को समृद्ध बनायें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिससे वह अपना लक्ष्य हासिल करता है। उनके दीर्घकालिक अनुभव बच्चों के लिए अत्यधिक लाभदायी होंगे। सभी को चाहिये कि “मिल बाँचे” से जुड़कर बच्चों के उज्जवल भविष्य के पथ प्रदर्शक तो जरूर बनें।
डॉ. खाड़े ने शिक्षा, उद्योग, व्यवसाय, वकालत, चिकित्सा, खिलाड़ी, मीडिया जगत, शासकीय सेवक, सेवानिवृत्त वरिष्ठजनों और अशासकीय संगठनों को “मिल बाँचे” से जुड़ने का आव्हान करते हुए कहा है कि इससे बच्चों को नये-नये कार्य क्षेत्रों की जानकारी मिलेगी और यह उनके समृद्ध भविष्य के निर्धारण में सहयोगी होगी। उन्होंने “मिल बाँचे” आयोजन की टीम को निर्देश दिए हैं कि विभिन्न कोचिंग सेंटर, क्लब, लायब्रेरी और एसोसिएशन से भेंटकर उन्हें भी कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास करें।
कलेक्टर ने बताया कि जिले की प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में अगस्त माह में होने वाले “मिल बाँचे” कार्यक्रम में 2700 से अधिक लोग स्वप्रेरणा से शामिल हो चुके हैं। हमारा प्रयास है कि अपने कार्य से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति और वर्ग की भागीदारी “मिल बाँचे” कार्यक्रम में हो। कार्यक्रम में सहभागिता हेतु वेबसाइट www.school chalehum.gov.in पर पंजीयन किया जा सकता है।
