माहिलपुर.नगर पंचायत माहिलपुर में पिछले 10 साल से काबिज शिअद-भाजपा के वर्चस्व को तोड़ते हुए कांग्रेस ने रविवार को हुए चुनाव में 13 में से 8 सीटों पर जीत हासिल कर नगर पंचायत पर कब्जा जमाया। शिअद ने तीन सीटें जीतीं। सबसे ज्यादा निराशा भाजपा और आप पार्टी के प्रत्याशियों को हुई।
दोनों ही दलों का कोई भी उम्मीदवार एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं रहे। 13 वार्डों में कुल 78.6 फीसदी मतदान हुआ। इसमें कांग्रेस ने कुल 2362 मत (37.2%) हासिल किए। दूसरे नंबर पर 2064 मत (33%) आजाद प्रत्याशियों ने हासिल किए। पिछले चुनावों में शिअद-भाजपा सांझा फ्रंट बनाकर एक ही चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ते रहे हैं लेकिन इस बार दोनों ने अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ा था। इसमें शिअद ने 1393 मत (21%) हासिल किए जबकि भाजपा को मात्र 292 मत (4.5%) मिले। विधानसभा चुनाव में 2000 से ऊपर वोट प्राप्त करने वाली आम आदमी पार्टी को मात्र 201 मत (3.2%) मिले। 30 मत नोटा को डाले गए। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे तक चला। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया लोग वोट डालने के लिए निकलते रहे।
पूर्व विधायक गोल्डी पर भारी पड़ी निमिषा मेहता
माहिलपुर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता निमिषा मेहता गढ़शंकर के पूर्व विधायक लव कुमार गोल्डी पर भारी पड़ीं। कांग्रेस पार्टी ने गोल्डी को 9 और निमिषा मेहता को सिर्फ चार उम्मीदवार दिए थे। रविवार को आए नतीजों में गोल्डी के 4 उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि कुछ वार्डों में कांग्रेस उम्मीदवार तीसरे नंबर पर पिछड़ गए। निमिषा मेहता के चारों उम्मीदवार विजयी रहे और एक समर्थन प्राप्त निर्दलीय भी जीतने में कामयाब रहा।
