भोपाल। पूर्व विधायक एवं रीवा जिला पंचायत के अध्यक्ष अभय मिश्रा ने पिछले दिनों अचानक कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी। अब वो सीएम शिवराज सिंह सरकार को घेरने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत का दर्द अब देखा नहीं जा रहा है। सत्ता परिवर्तन के लिए कांग्रेस में आया हूूं। किसी पद या टिकट की लालसा से नहीं आया हूूं। पार्टी जिसे टिकट देगी उसके साथ पूरे विश्वास के साथ खड़ा रहूंगा। आज देखा जा रहा है कि चिल्लर फेंक कर कुछ लोग गठरी की चोरी करने में लगे हैं। अब ऐसा नहीं चलेगा। मकसद सिर्फ कांग्रेस की सरकार बनाना है। आपातकाल जैसे हालात हैं, उससे मुक्ति पाना है। मुझे छह माह बाद की तस्वीर अभी से दिख रही है। इस बार विंध्य की 29 सीटों में कांग्रेस को 25 सीटें मिलेंगी। बता दें कि अभय मिश्रा की पत्नी नीलम मिश्रा वर्तमान में सेमरिया से भाजपा विधायक हैं। उन्होंने अब तक इस्तीफा नहीं दिया है।
पूरा रीवा एक व्यक्ति के हाथों गिरवीं रखा है
जिला पंचायत अध्यक्ष अभय मिश्रा इससे पहले सिरमौर चौराहे पर स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा का माल्यापर्ण किया। यहां उन्होंने मीडिया से पूछे गये सवाल पर कहा कि आज रीवा जिला एक व्यक्ति के हाथों में गिरवी हो गया है। ऐसा लगता है कि सरकार ने एक व्यक्ति को टेंडर दे रखा है। आतंक और दमनकारी सरकार की वजह से भरोसा नहीं कब किसका घर गिरा दिया जाएगा।
