नई दिल्ली। गुजरात चुनाव के दौरान भाजपा के साथ कांग्रेस की कड़ी टक्कर रही, लेकिन 16 सीटों को देखा जाए तो यहां मुकाबला आखिर तक सांस रोकने वाला रहा। इन सीटों पर जीत हार का अंतर दो सौ से दो हजार वोट तक रहा। नतीजों पर गौर करे तो कई जगहों पर कांग्रेस के लिए रांकपा व बसपा मारक बनीं तो कुछ जगहों पर निर्दलीय खेल बिगाड़ गए।
ढोलका व फतेपुरा में रांकपा व बसपा ने कांग्रेस को तय जीत से दूर कर दिया। ढोलका में कांग्रेस महज 327 वोटों से हारी। बसपा को यहां 3139 व रांकपा को 1198 वोट मिले। फतेपुरा में भाजपा 2711 वोटों से जीती। रांकपा को 2747 वोट मिले। बॉतड सीट पर कांग्रेस 306 वोटों से हारी, जबकि बसपा ने यहां 966 वोट झटके। तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने यहां कुल 75 सौ वोट हासिल किए। हालांकि भाजपा भी थोड़े से अंतर से दो सीटें हार गई।
