नई दिल्ली. भारतीय युवाओं में हाई ब्लड प्रेशर पहले के मुकाबले ज्यादा है। यहीं नहीं महिलाओं के मुकाबले पुरुषों में भी डायबिटीज की बीमारी ज्यादा है। दरअसल हार्वर्ड के रिसर्चर्स ने यह पता लगाने की कोशिश की कि डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर भारत के राज्यों, गांव और शहरी इलाकों में किस तरह है।
महिलाओं में 6.1 फीसदी डायबिटीज
‘जामा इंटरनल मेडिसिन’ मैग्जीन में पब्लिश इस रिसर्च में कहा गया है कि भारत में मध्यम आयु व बुजुर्गो में मधुमेह व उच्च रक्तचाप की दर ज्यादा है। रिसर्च में कुल मिलाकर डायबिटीज का प्रसार महिलाओं में 6.1 फीसदी और पुरुषों में 6.5 फीसदी है। रिसर्च में पता चला है कि हाई ब्लड प्रेशर का महिलाओं में प्रसार 20 फीसदी और पुरुषों में 24.5 फीसदी है।रिसर्च के मुताबिक, हाई ब्लड प्रेशर का प्रसार 18-25 वर्ष आयु वर्ग में 12.1 फीसदी है।
इन राज्यों के लोग हैं ज्यादा पीड़ित
गुजरात के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ में फैकल्टी और अध्ययन के सह लेखक आशीष अवस्थी के मुताबिक, आंध्रप्रदेश, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में ज्यादा लोग मधुमेह से ग्रसित हैं। वहीं, उच्च रक्तचाप की बात करें तो यह पंजाब, हिमाचल प्रदेश, केरल, सिक्किम और नागालैंड के लोगों में अधिक है।
डायबीटिज और हाई ब्लड प्रेशर में संबंध
डायबीटिज और हाई ब्लड प्रेशर में गहरा संबंध है। डायबीटिज के मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर होने का जोखिम लगा रहता है। दरअसल 60% से भी ज्यादा मामलों में ऐसा देखा गया है कि डायबीटिज के मरीज हाई ब्लड प्रेशर यानि उच्च रक्तचाप के शिकार हो हीं जाते हैं।
