वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश चौकसे की क़लम से 9893456101
भोपाल। वरिष्ठ पत्रकार कल्पेश याग्निक को ब्लैकमेल करने वाली पत्रकार सलोनी अरोरा की पुलिस रिमांड कोर्ट ने 12 अगस्त तक बढ़ा दी है। 5 दिनों की रिमांड समाप्त होने के बाद पुलिस ने सलोनी को आज गुरुवार दोपहर को कोर्ट में पेश किया था।
वहीं पुलिस की मांग पर कोर्ट ने सलोनी की रिमांड 3 दिन और बढ़ाकर 12 अगस्त तक कर दी। जानकारी के मुताबिक सलोनी से अभी तक 2 लैपटॉप, दो पेनड्राइव और 4 बंद मोबाइल बरामद हुए हैं। इनकी तकनीकी जांच होगी और डेटा रिकवर किया जाएगा।
सलोनी ने पूछताछ में बताया कि उसने एक मोबाइल तोड़कर अंधेरी (मुंबई) इलाके में फेंक दिया था। पुलिस ने उक्त मोबाइल बरामद करने के लिए दोबारा रिमांड मांगा, जिसे कोर्ट ने तीन दिन बढ़ा दिया। बता दें कि पुलिस ने सलोनी अरोरा को मुंबई से हिरासत में लिया था।
कोर्ट ने पहले उसे 5 दिनों की रिमांड पर भेजा था। गुरुवार दोपहर पुलिस ने उसे प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अंशुश्री चौहान की कोर्ट में पेश किया जहां से पुलिस की मांग पर उसकी रिमांड अवधि बढ़ा दी गई है ।
