नई दिल्ली। मणिशंकर अय्यर के घर हुई बैठक का विवाद जोर पकड़ने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान इस बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के शामिल होने का जिक्र कर कांग्रेस पर निशाना साधा था। अब मनमोहन सिंह ने पीएम के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस को किसी भी पार्टी या प्रधानमंत्री से राष्ट्रीयता की सीख लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि देश सेवा में मेरा योगदान राष्ट्र जानता है। मैं चाहता हूं कि प्रधानमंत्री के रूप में परिपक्वता दिखाते हुए नरेंद्र मोदी माफी मांगे।
मनमोहन ने मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि गुजरात चुनावों में हार के डर से वह इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, चुनावों में हार की आशंका के चलते वह हर तरह के हथकंडे इस्तेमाल कर रहे हैं। पूर्व पीएम ने ये भी कहा कि मैं याद दिलाना चाहता हूं कि मोदी उधमपुर और गुरदासपुर में आतंकी हमलों के बाद बिना बुलाए पाकिस्तान गए थे, तो क्या उन्हें इसके लिए देश से माफी नहीं मांगनी चाहिए।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा था निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर गुजरात चुनाव में दखल देने का आरोप लगाया है। प्रधानमंत्री ने बीते रविवार को गुजरात में कई शहरों में चुनावी सभाएं करते हुए कांग्रेस पर जमकर शब्दबाण चलाए। मोदी के अनुसार, मीडिया में इस तरह की खबरें आई कि कांग्रेस सांसद अहमद पटेल को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाने के लिए नई दिल्ली में अय्यर के घर एक बैठक हुई। इसमें पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पाकिस्तान के उच्चायुक्त, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और खुद अय्यर मौजूद थे। तीन घंटे तक चली इस बैठक के दौरान उन लोगों ने आगे की रणनीति बनाई। इसके अगले दिन ही अय्यर ने उन्हें नीच कहा। यह एक गंभीर मामला है।
पीएम के अनुसार, पाकिस्तान के पूर्व आर्मी अफसर अरशद रफीक ने भी कहा है कि अहमद पटेल को गुजरात का सीएम बनाने के लिए मदद करना चाहिए। उन्होंने पूछा कि एक तरफ तो पाकिस्तानी सेना के पूर्व महानिदेशक गुजरात चुनाव में दखल दे रहे हैं। दूसरी तरफ उनके लोग कांग्रेस नेता के घर बैठक करते हैं। और इस बैठक के अगले दिन ही अय्यर की ओर से गुजरात की जनता, पिछड़ा वर्ग, गरीब तबका और खुद मेरा अपमान कर दिया जाता है। क्या आपको नहीं लगता कि इन बातों से संदेह पैदा होता है।
