अशोकनगर। विधायक गोपीलाल जाटव ने पसकटोरी गांव में प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना सौभाग्य का शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय हो कि प्रदेश में प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना सौभाग्य का प्रारंभ किया गया है। इस योजना के तहत गांवों में बीपीएल धारकों को नि:शुल्क बिजली कनेक्शन एवं एपीएल धारकों को 500 रुपये में 50 रुपये मासिक किस्त में बिजली कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
इस योजना को विधायक गोपीलाल जाटव ने पलकटोरी गांव में शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक गोपीलाल जाटव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आमजन के कल्याण के लिए महती योजनाएं चला रहे हैं, जिससे सर्वहारा वर्ग का विकास हो रहा है, इस तरह की योजनाएं कांग्रेस सरकार ने कभी नहीं चलाईं, पर कांग्रेस गरीबों की बात कर उनका शोषण ही करती रही। उन्होंने ग्रामीणों से आव्हान करते हुए कहा कि अब समय है कि प्रत्येक वर्ग का व्यक्ति भाजपा सरकार से जुड़े और महती योजनाओं का लाभ उठाए।
बताया गया कि पलकटोरी गांव में इस योजना के तहत करीब 90 बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए। इस अवसर पर विधायक के साथ भाजपा के ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष तीरथनारायण शर्मा, आशुतोष अवस्थी, एसई बिजली वितरण कम्पनी, डीई बीजली वितरण कम्पनी बसंत खाड़े एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
