नई दिल्ली: कांग्रेस कार्यसमिति की महाराष्ट्र के वर्धा में होने वाली बैठक से एक दिन पहले पार्टी ने सोमवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि वह ”दलितों-पिछड़ों का दमन तथा प्रजातंत्र का हनन करने वाली भाजपा सरकार’ से राहुल गांधी के नेतृत्व में देश को मुक्ति दिलाने के लिये तैयार हैं. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार ‘अंग्रेजी हुकूमत की तरह मुट्ठी भर अमीरों’ के हित में काम कर रही है. पार्टी महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर कल वर्धा में कार्यसमिति की बैठक करने के साथ शांति मार्च निकालेगी और सभा भी करेगी. सुरजेवाला ने कहा, ”राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस, महात्मा गांधी के मार्ग पर चल कर, देश को आर्थिक अराजकता, किसानों के दमन, भ्रष्टाचारी, बैंक लूट, घोटालों व राफेल के घोटालेबाजों, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, दलितों-पिछड़ों का दमन तथा प्रजातंत्र का हनन करने वाली ‘भाजपा सरकार’ से मुक्ति दिलाने के लिये तैयार है.” उन्होंने कहा, ”अंग्रेजी हुकूमत भी भारत के संसाधनों को लूट कर विदेश ले जाती थी. भाजपा सरकार भी भारत के ‘बैंक लुटेरों को विदेश भागने की खुली छूट’ देकर भारत के संसाधनों पर डाका डाल रही है. ”
