भोपाल.मानसून मध्य प्रदेश के मुहाने पर पहुंच चुका है। शुक्रवार देर रात इसकी आहट भी महसूस की गई, जब हवाओं के साथ तेज बारिश ने शहर को जमकर भिगोया। आधी रात के बाद सीजन की सबसे तेज बारिश हुई। सिर्फ 30 मिनट में 14.8 मिमी पानी बरस गया। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो यह भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में दो दिन बाद दस्तक दे सकता है।
– शुक्रवार दोपहर को शहर के कुछ इलाकों में ही हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद मौसम साफ हो गया था। रात बारह बजे केे बाद अचानक बादल गरजने और बिजली चमकना शुरू हुआ। 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने लगी। इसके एक- दो मिनट बाद तेजी से पानी बरसने लगा। आधा घंटे तक तेज हवा के साथ पानी बरसा।
– वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि शहर में 14.8 मिमी बारिश हुई। बैरागढ़ आब्जरवेटरी में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। शनिवार सुबह मौसम फिर साफ हो गया। सुबह से ही तेज धूप चटकने लगी थी। दिन का तापमान 37.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें करीब एक डिग्री की गिरावट हुई।
चार डिग्री लुढ़का रात का तापमान
– रात में बारिश होने से तापमान भी करीब चार डिग्री लुढ़क गया। रात का तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। एक दिन पहले रात का तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
अभी यहां है मानसून
– शुक्ला ने बताया कि मानसून साउथ गुजरात,महाराष्ट्र को पूरा कवर करता हुआ विदर्भ से छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिसा, पश्चिम बंगाल तक पहुंच चुका है। अभी यह विदर्भ से सटे मप्र के मुहाने पर है।
