
इंदौर /भोपाल -3 जनवरी 2020
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के उस बयान की जिसमें वह खुलेआम कह रहे हैं “यदि आज शहर में आरएसएस के पदाधिकारी नहीं होते तो वह अभी तक इंदौर शहर में आग लगा देते “ को बेहद आपत्तिजनक व निंदनीय बताते हुए कहा कि इससे उनकी व उनकी पार्टी की विचारधारा सामने आ गयी है।यह शिवराज जी की नहीं सिंघम कमलनाथ जी की सरकार है , इसमें शहर को आग लगाने वाला कोई पैदा नहीं हुआ।
किस प्रकार पूर्व में विधायक पुत्र आकाश विजयवर्गीय ने बल्लेबाजी की थी और पिताजी शहर को आग में झोंकने की खुलेआम धमकी दे रहे हैं , यह सभी के सामने है।
श्री विजयवर्गीय पश्चिम बंगाल के भी प्रभारी है और वहां भी जब-जब वे जाते हैं हिंसा होती है ,इसी से समझा जा सकता है कि उस हिंसा के पीछे क्या कारण है ?
सलूजा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी जी ने आकाश विजयवर्गीय की बल्लेबाजी के विरोध में बयान दिया था लेकिन उन पर कोई कार्यवाही नहीं हुई ,शायद इसी से हिम्मत पाकर कैलाश विजयवर्गीय इस तरह का बयान दे रहे हैं।
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ जी के नेतृत्व में माफिया मुक्त अभियान प्रदेश भर में चल रहा है। जिसमें कई बड़े-बड़े माफ़ियाओ के खिलाफ कार्रवाई हुई है।जनता वर्षों से न्याय की आस में बैठी थी , जनता को न्याय नहीं मिल पा रहा था ,वर्षों से जो माफिया जनता का दमन करते थे ,उन पर कड़ी कार्यवाही हो रही है ,भाजपा की 15 वर्ष की सरकार में ऐसे कई माफियाओं को खुला संरक्षण और पोषण प्राप्त था ,शायद माफियाओं के खिलाफ हो रही कार्यवाही से बौखला कर कैलाश विजयवर्गीय इस तरह इंदौर को आग लगाने वाला बयान दे रहे हैं।
उनके इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह को तत्काल उन पर कार्यवाही करना चाहिए और उन्हें पार्टी से बाहर करना चाहिए एवं भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह उनके बयान से सहमत है या नहीं ?
